मध्य प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था का सबसे बड़ा विरोधाभास
जनमत जागरण विश्लेषण व्यवस्था का एक्स-रे @ दीपक जैन सुसनेर
"जब व्यवस्था बीमार हो जाती है, तब सबसे पहले अस्पताल नहीं, जनता दम तोड़ती है।" स्वास्थ्य व्यवस्था किसी भी सरकार की संवेदनशीलता का सबसे बड़ा पैमाना होती है। अस्पताल केवल ईंट, सीमेंट और लोहे का ढांचा नहीं होते, बल्कि आम आदमी के जीवन की अंतिम उम्मीद होते हैं। लेकिन जब अस्पताल केवल फाइलों में बन जाएं और दूसरी ओर करोड़ों रुपये से बने अस्पताल डॉक्टरों और कर्मचारियों के अभाव में ताले में बंद पड़े रहें, तब यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य के साथ गंभीर अन्याय है। मध्य प्रदेश में आज स्वास्थ्य व्यवस्था का एक ऐसा विरोधाभास सामने है जो किसी भी संवेदनशील नागरिक को झकझोर देता है। इंदौर के खजराना में अस्पताल नहीं, लेकिन 87 कर्मचारियों की पोस्टिंग है। वहीं सुसनेर के ग्राम मोड़ी में 2.43 करोड़ रुपये से बना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डेढ़ वर्ष से बंद पड़ा है, क्योंकि वहां पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध नहीं है। एक स्थान पर भवन का अस्तित्व ही नहीं है, लेकिन नियुक्तियां लगातार हो रही हैं। दूसरी जगह भवन पूरी तरह तैयार है, लेकिन मरीजों का इलाज शुरू नहीं हो पा रहा।खजराना : कागज़ों का अस्पताल
23 जून 2020 को 100 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल की घोषणा हुई। विशेषज्ञ डॉक्टर, चिकित्सा अधिकारी, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन और फार्मासिस्ट सहित 87 पद स्वीकृत कर दिए गए। वर्षों से कर्मचारियों की पदस्थापनाएं होती रहीं। हाल ही में 15 जून 2026 को भी एक लैब टेक्नीशियन की पोस्टिंग इसी अस्पताल के नाम पर की गई। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस अस्पताल का भवन ही अस्तित्व में नहीं है, वहां आखिर नियुक्तियां किस आधार पर हो रही हैं? धरातल पर अस्पताल नहीं, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में पद हैं, कर्मचारी हैं, वेतन है और आदेश भी हैं।मोड़ी : अस्पताल तैयार, लेकिन इलाज बंद
दूसरी ओर आगर-मालवा जिले की सुसनेर विधानसभा के ग्राम मोड़ी में 2 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से आधुनिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण पूरा हो चुका है। जनवरी 2025 में भवन स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया गया। लेकिन आज भी अस्पताल में ताला लटका हुआ है। ग्रामीणों को छोटी-सी बीमारी से लेकर प्रसूति और दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में भी 12 से 15 किलोमीटर दूर सुसनेर या आगर जाना पड़ता है। जनमत जागरण ने फरवरी 2026 में इस गंभीर विषय को प्रमुखता से उठाया था। उसके बाद एक डॉक्टर की नियुक्ति अवश्य हुई, लेकिन डॉक्टर को भी बाद में सुसनेर सिविल अस्पताल से अटैच कर दिया गया। परिणाम यह हुआ कि मोड़ी का अस्पताल आज भी मरीजों का इंतजार कर रहा है। स्वयं बीएमओ डॉ. बी.बी. पाटीदार स्वीकार करते हैं कि सुसनेर सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की भारी कमी है, इसलिए नियुक्त डॉक्टर की सेवाएं वहीं ली जा रही हैं। अनुबंधित चिकित्सकों के जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है।यही है सबसे बड़ा विरोधाभास
एक तरफ सरकार कहती है कि डॉक्टरों की कमी है, इसलिए भवन चालू नहीं हो पा रहे। दूसरी तरफ उसी सरकार के रिकॉर्ड में ऐसे अस्पताल मौजूद हैं जिनका भवन ही नहीं बना, लेकिन वहां दर्जनों कर्मचारियों की पोस्टिंग दिखाई जा रही है। यदि खजराना के स्वीकृत डॉक्टरों और कर्मचारियों का वैज्ञानिक तरीके से पुनर्विनियोजन किया जाए, तो प्रदेश के ऐसे कई तैयार अस्पताल तत्काल शुरू किए जा सकते हैं, जहाँ भवन तो है लेकिन स्टाफ नहीं।प्रश्न केवल दो अस्पतालों का नहीं है
यह पूरे स्वास्थ्य विभाग की योजना, निगरानी और संसाधन प्रबंधन पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।- बिना भवन के अस्पताल कैसे संचालित माना गया?
- वर्षों तक पदस्थापनाएं किस आधार पर होती रहीं?
- तैयार अस्पतालों में स्टाफ क्यों उपलब्ध नहीं कराया गया?
- करोड़ों रुपये की सार्वजनिक संपत्ति बंद क्यों पड़ी है?
- क्या विभाग के पास राज्यभर के अस्पतालों का वास्तविक ऑडिट है?
जरूरत जवाबदेही की है
स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सेवा में योजनाएं केवल घोषणाओं से सफल नहीं होतीं। अस्पताल तभी अस्पताल कहलाता है, जब उसमें भवन भी हो, डॉक्टर भी हों, दवाइयां भी हों और मरीज का इलाज भी हो। मध्य प्रदेश सरकार को चाहिए कि प्रदेश के सभी स्वीकृत, निर्माणाधीन और संचालित अस्पतालों का व्यापक भौतिक सत्यापन कराया जाए। जहाँ भवन तैयार हैं वहाँ तत्काल स्टाफ उपलब्ध कराया जाए और जहाँ केवल कागज़ों में अस्पताल चल रहे हैं वहाँ जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाए। जनता को घोषणाएँ नहीं, इलाज चाहिए। क्योंकि लोकतंत्र में सबसे बड़ा विकास वही है, जहाँ बीमार व्यक्ति को समय पर अस्पताल मिले—न कि केवल सरकारी फाइलों में दर्ज उसका नाम। — जनमत जागरण
Continue With Google