क्या अब सुसनेर सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की नियुक्ति होगी? उपमुख्यमंत्री द्वारा उच्च स्तर पर हुआ अहम निर्देश – जानिए कब मिलेगी राहत!

जनमत जागरण @ सुसनेर: क्षेत्रवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सुसनेर सिविल अस्पताल में लंबे समय से डॉक्टरों की कमी और विशेषज्ञ डॉक्टरों के रिक्त पदों को लेकर उठ रही जनाकांक्षा को आज नई दिशा मिली। गुरुवार को भाजपा मंडल सुसनेर के महामंत्री पवन शर्मा ने आज माननीय उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल जी को स्मरण पत्र सौंपकर इस गंभीर मुद्दे को उनके समक्ष रखा।
🛑 डॉक्टरों की कमी बनी थी बड़ी समस्या :: सुसनेर सिविल अस्पताल में वर्तमान में केवल चार डॉक्टर कार्यरत हैं, जबकि अस्पताल में कई महत्वपूर्ण डॉक्टरों और विशेषज्ञों के पद लंबे समय से रिक्त पड़े हुए हैं। इस वजह से सुसनेर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को मजबूरन बड़े शहरों के निजी अस्पतालों में महंगे इलाज के लिए जाना पड़ता है। यह समस्या न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित कर रही है, बल्कि आम जनता पर आर्थिक बोझ भी डाल रही है।
🛑उपमुख्यमंत्री का त्वरित कदम :: महामंत्री पवन शर्मा ने उपमुख्यमंत्री को सुसनेर प्रवास के दौरान यह मामला सौंपा। माननीय राजेन्द्र शुक्ल जी ने संवेदनशीलता के साथ इस मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल उच्च अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुसनेर सिविल अस्पताल में डॉक्टरों और विशेषज्ञों की नियुक्ति जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए।
🛑 जल्द मिलेगी राहत? :: उपमुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देश और अधिकारियों के त्वरित कार्यवाही के बाद उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही सुसनेर अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को पूरा किया जाएगा। इससे न केवल अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं भी मिल सकेंगी।
🛑 क्षेत्रवासियों की प्रतिक्रिया :: इस सकारात्मक पहल पर क्षेत्रवासियों में उत्साह देखा जा रहा है। नागरिकों का मानना है कि अगर डॉक्टरों और विशेषज्ञों की नियुक्ति जल्द होती है, तो यह सुसनेर और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी।अब देखना यह होगा कि डॉक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया कितनी जल्दी शुरू होती है और यह प्रयास क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को किस हद तक सुधारने में सफल होता है।




