'सार्थक' दृष्टिकोणसम्पादकीय

“तकनीक से नहीं, संस्कृति से टिकते हैं राष्ट्र – इज़राइल के भाषण से भारत के लिए चेतावनी”

👉बेंजामिन नेतन्याहू के भाषण से उठा सवाल – क्या हम भी अपनी स्मृति, संकल्प और संस्कार से जुड़े हैं?

🌿 तकनीक से नहीं, स्मृति से टिकते हैं राष्ट्र

✍️ राजेश कुमरावत ‘सार्थक’ | संपादक – जनमत जागरण

भूमिका:
यह लेख इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के ऐतिहासिक भाषण से प्रेरित है। उनके शब्दों में न केवल यहूदी पीड़ा है, बल्कि वह चेतावनी भी है, जो हर पुरातन सभ्यता के लिए एक दर्पण है। मैंने इस भाषण के भावों को भारतीय संदर्भ और वर्तमान समय के युवाओं की दृष्टि से समझने का प्रयास किया है।


“टेक्नोलॉजी से राष्ट्र नहीं टिकते, राष्ट्र टिकते हैं स्मृति, संकल्प और संस्कार से।”
यह पंक्ति केवल भावुक विचार नहीं, एक बौद्धिक उद्घोषणा है — जो हमें स्मरण कराती है कि किसी राष्ट्र की आत्मा उसकी स्मृति में बसती है, न कि उसकी मशीनों में।

21वीं सदी का भारत जब ‘डिजिटल इंडिया’, ‘मेक इन इंडिया’ और ‘एआई युग’ में प्रवेश कर चुका है, तब यह विचार नितांत आवश्यक है कि क्या हम केवल तकनीकी ऊंचाइयों से टिक पाएंगे? या हमारे टिकने की शक्ति हमारी स्मृति और संस्कृति में निहित है?


🌱 नेतन्याहू का भाषण – एक चेतना की पुकार

इज़राइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने अपने भाषण में कहा:

“हमें 75 साल पहले मरने के लिए लाया गया था, कोई देश नहीं था, कोई सेना नहीं थी, सबने हमला किया… फिर भी हम बचे।”
“हम स्पेन से बचे, हिटलर से बचे, अरबों से बचे, सद्दाम और गद्दाफी से भी बचे, और अब हम ईरान से भी बचेंगे…”

यह केवल यहूदियों की वीरगाथा नहीं, बल्कि स्मृति, संकल्प और आत्मबल से टिके रहने वाले एक छोटे राष्ट्र की कालगाथा है।
उनके पास रेगिस्तान था, पर आत्मगौरव भी था।
उन्हें मिटाया गया, फिर भी वे बचे – क्योंकि उन्होंने अपने इतिहास को विस्मृत नहीं होने दिया।


🇮🇳 भारत को क्या सीख लेनी चाहिए?

भारत भी एक प्राचीन राष्ट्र है — जिसकी संस्कृति हजारों वर्षों से यवनों, मुग़लों, अंग्रेज़ों, धर्मांतरण और विचारधारा के आक्रमणों का सामना करती आई है।
पर आज भी हम जिंदा हैं — क्योंकि हमारे पास स्मृति है, राम है, गीता है, गायत्री है, संतों का आशीर्वाद है।

मगर आज खतरा बाहर से नहीं, भीतर से है —
जब हमारी नई पीढ़ी “क्लाउड” को जानती है, पर “कल्पवृक्ष” को नहीं,
जब उसे ऐप्स का नाम याद है, पर उपनिषदों की पहचान नहीं,
तो खतरा टेक्नोलॉजी से नहीं, विस्मृति से है।


🔥 राष्ट्र टिकते हैं, जब संस्कृति बचती है

मैं स्वयं एक पत्रकार, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और जैविक जीवन दर्शन से जुड़ा एक विचारशील नागरिक हूँ।
मैंने ऑर्गेनिक खेती पर भाषण दिए हैं, पंचतत्वों पर संवाद किया है, स्वास्थ्य विषयों पर श्रृंखलाबद्ध लेख लिखे हैं, और गोरस गो स्मृति जैसे सांस्कृतिक विमर्शों का संपादन किया है। गो कथा के मंचों से पंचतत्वों की व्याख्या करते हुए,और न्याय, संविधान व राष्ट्रहित पर लेखन करते हुए । मैंने यही सीखा —कि राष्ट्र “कंटेंट” नहीं, “कंसास” (चेतना) होता है। मेरे अनुभव ने यह सिखाया है —
कि राष्ट्र को चलाने के लिए सिर्फ डेटा नहीं, ध्यान भी चाहिए।
सिर्फ विज्ञान नहीं, संस्कार भी चाहिए।

🔥 टिकना है तो टेक्नोलॉजी को संस्कृति में बांधना होगा

हम टेक्नोलॉजी के विरोधी नहीं हैं।
मैं स्वयं डिजिटल माध्यमों के ज़रिए जनमत जागरण जैसी संस्था से जुड़ा हूँ,
न्यूज़ पोर्टल, शिक्षा, सामाजिक संवाद, पत्रकारिता, और ऑर्गेनिक फार्मिंग व जागरूकता अभियानों में टेक्नोलॉजी का सकारात्मक उपयोग कर रहा हूँ।

परंतु टेक्नोलॉजी को साधन मानना होगा, साध्य नहीं।
जब साधन साध्य बन जाए, तब स्मृति, मूल्य और मानवीयता खत्म हो जाते हैं।

इज़राइल ने कभी नहीं कहा कि हमारे पास टेक्नोलॉजी है, इसलिए हम टिके।
उन्होंने कहा — “हमारे पास स्मृति थी, इसलिए हम मिटाए नहीं जा सके।”


📜 इतिहास क्या कहता है?

इज़राइल ने कहा —

“हमने रेगिस्तान को हरियाली में बदला। हमारी चिकित्सा, टेक्नोलॉजी, फल, दवाएं, उपग्रह — सब मानवता के लिए हैं।”
“हम किसी को खत्म नहीं करना चाहते, हमें बस अपने देश में, अपनी जमीन पर सम्मान से जीना है।”

भारत को भी अब यही विचार चाहिए —
हम विश्वगुरु बनें, लेकिन स्वयं को भूले बिना।


🕊️ निष्कर्ष: क्या हम भी बचे रहेंगे?

नेतन्याहू का भाषण उन सभी राष्ट्रों के लिए सबक है जो अपने अतीत को ‘बोझ’ समझ बैठे हैं।
भारत को चाहिए —
कि वह अपने प्राचीन गौरव को डिजिटल युग की भाषा में फिर से बोले।
युवा पीढ़ी को टेक्नोलॉजी सिखाएं, लेकिन संस्कार देना न भूलें।

क्योंकि स्मृति से रहित टेक्नोलॉजी, केवल एक अस्थायी सुविधा है —
जबकि स्मृति से युक्त संस्कृति, एक स्थायी राष्ट्र की पहचान है।

🕊️ अंत में एक प्रश्न:

हम इज़राइल को देख रहे हैं,
पर क्या हम भारत को भी उसी रूप में देख पा रहे हैं?
क्या हम अपने राष्ट्र की आत्मा को पहचान रहे हैं?

यदि उत्तर “नहीं” है,
तो फिर आइए —
स्मृति से जुड़ें, संकल्प लें और संस्कारों से जीवन को सींचें।
तभी यह राष्ट्र भी उस तरह अमर होगा,
जैसे यहूदी सभ्यता — जो मिटाई गई पर मिटी नहीं।


✍️ राजेश कुमरावत ‘सार्थक’

संपादक – जनमत जागरण
(लेख नेतन्याहू के भाषण से प्रेरित है; चिंतन, विश्लेषण और भारतीय परिप्रेक्ष्य लेखक के निजी विचार हैं।)


Related Articles

error: Content is protected !!