इनोवेशन एण्ड यूदेशमध्यप्रदेशस्पाट लाइट

सोयतकलां को SBI की नई शाखा की बड़ी सौगात !— किसानों और व्यापारियों को राहत! – अब भीड़ से नहीं जूझना पड़ेगा, बैंकिंग होगी आसान।


स्टेट बैंक की नई शाखा का शुभारंभ, वर्षों की मांग हुई पूरी

सोयतकलां को मिली बैंकिंग क्षेत्र में नई सौगात

जनमत जागरण @ सोयतकलां।
ग्रामीण और अर्धशहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, आज सोयतकलां में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की नई शाखा का शुभारंभ हुआ। यह शाखा न केवल नगरवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, बल्कि यह आसपास के दर्जनों गांवों के लिए भी बैंकिंग सेवाओं की आसान पहुंच और आर्थिक गतिविधियों में तेजी लाने वाली साबित होगी। किसानों, छोटे व्यापारियों, महिलाओं और पेंशनधारकों के लिए यह सुविधा सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त करने और दैनिक लेन-देन में सरलता लाने का माध्यम बनेगी।

नगर के सुसनेर रोड स्थित नवीन, सुसज्जित परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में स्टेट बैंक के इंदौर मॉड्यूल के उप महाप्रबंधक सतीश चंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि और क्षेत्रीय प्रबंधक बिजय नाथ मिश्रा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। फीता काटकर तथा गणपति पूजन कर विधिवत उद्घाटन किया गया। इसके बाद उद्घाटन पट्टिका का रिमोट द्वारा अनावरण हुआ।

पूर्व में नगर में केवल एकमात्र राष्ट्रीयकृत बैंक — बैंक ऑफ इंडिया — की शाखा कार्यरत थी, जिससे अत्यधिक भीड़ और समय की परेशानी होती थी। नई शाखा खुलने से न केवल भीड़ का बोझ कम होगा, बल्कि डिजिटल बैंकिंग, एटीएम, लॉकर और अन्य सुविधाओं के विस्तार से लोगों को तेज, सुरक्षित और सुगम बैंकिंग अनुभव प्राप्त होगा।

उद्घाटन अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष चिंतामण राठौर ने कहा कि यह शाखा व्यापार और निवेश को नई दिशा देगी। स्थानीय व्यापारी गिरधर सोमानी ने इसे नगर के लिए बहुप्रतीक्षित उपहार बताया।

बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक बिजय नाथ मिश्रा ने उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि बैंक का उद्देश्य लोगों की जरूरतों के अनुसार सेवाएं देना है और समय के साथ शाखा को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य प्रबंधक सुशील जैन, नव नियुक्त शाखा प्रबंधक मानसिंह नागर, राजेश गुप्ता, कमल गुप्ता, सुरेश चौधरी, अर्पित घाटिया, रमेश चंद्र दांगी, मनीष जैन, जगदीश टेलर, विनोद गुप्ता, राधेश्याम शर्मा, सतीश शर्मा, स्टेट बैंक सुसनेर, आगर, नलखेड़ा शाखा का स्टाफ एवं नगर के सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे।


Related Articles

error: Content is protected !!