सनातन विरोधियों का तीर्थस्थलों में प्रवेश वर्जित हो कथा के दौरान मोरारी बापू का महत्वपूर्ण वक्तव्य – मानस भारत स्वस्तिक यात्रा | उज्जैन
उज्जैन में मानस भारत स्वस्तिक यात्रा के दौरान मोरारी बापू ने सनातन विरोधियों के तीर्थस्थलों में प्रवेश पर विचार रखे। सिंहस्थ 2028 में मानस महादेव गायन की घोषणा भी की।

सनातन धर्म का विरोध करने वालों का तीर्थस्थलों में प्रवेश वर्जित होना चाहिए : मोरारी बापू
उज्जैन में मानस भारत स्वस्तिक यात्रा के दौरान बोले बापू, सिंहस्थ 2028 में करेंगे ‘मानस महादेव’ का गायन
उज्जैन। धर्म, अध्यात्म और सनातन संस्कृति की नगरी उज्जैन में मानस भारत स्वस्तिक यात्रा के अंतर्गत आयोजित रामकथा में प्रख्यात रामकथा मर्मज्ञ पूज्य मोरारी बापू ने तीर्थस्थलों की धार्मिक मर्यादा, सनातन परंपरा और सांस्कृतिक चेतना से जुड़े कई महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए। कथा के दौरान उन्होंने कहा कि जहां-जहां सनातन धर्म के स्थान हैं, वहां सनातन धर्म का विरोध करने वालों का प्रवेश नहीं होना चाहिए। वैदिक परंपरा और धार्मिक स्थलों की गरिमा की रक्षा के लिए समाज को विशेष रूप से सजग रहना चाहिए। बापू का यह वक्तव्य कथा के प्रमुख चर्चित प्रसंगों में रहा।
महाकाल की नगरी उज्जैन की आध्यात्मिक विशेषताओं का उल्लेख करते हुए बापू ने कहा कि यह शिव और त्रिभुवन की नगरी है। यहां तंत्र विद्या का विशेष प्रभाव है। महाकाल, कालभैरव, सिद्धमाता और मां शिप्रा जैसे आध्यात्मिक केंद्र इस तीर्थ की विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने कहा कि शिव के गण कभी सताते नहीं, वे सदैव साथ रहते हैं। इस नगरी में आकर उन्हें ऐसा अनुभव होता है कि मृत्यु का भय भी उन्हें विचलित नहीं कर सकता, क्योंकि वे महाकाल की नगरी में हैं।
बापू ने पहली बार कालभैरव भगवान के दर्शन करने का प्रसंग भी साझा किया और वहां की विशिष्ट पूजा परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उज्जैन में तंत्र, तीर्थ और साधना की समृद्ध परंपरा है। यहां तीर्थों के विकास के लिए जो प्रयास किए जा रहे हैं, वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि इसी प्रकार का विकास देश के सभी प्रमुख तीर्थस्थलों में होना चाहिए, ताकि उनकी आध्यात्मिक पहचान और धार्मिक परंपराएं और अधिक सुदृढ़ हों।
रामकथा विश्व मंगल का माध्यम
पूज्य बापू ने रामकथा के वैश्विक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि विश्व का मंगल करने का कोई माध्यम है तो वह रामकथा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रामकथा किसी एक व्यक्ति अथवा किसी एक कथावाचक तक सीमित नहीं है। मोरारी बापू की रामकथा हो या किसी अन्य संत और कथावाचक के माध्यम से कही जाने वाली रामकथा, उसका मूल भाव जगत के कल्याण की कामना है। भारत स्वस्तिक यात्रा भी इसी व्यापक मंगल भावना के साथ आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि उनकी भावना किसी के प्रति द्वेष रखने की नहीं है। सबका कल्याण हो, कोई अपना-पराया न हो और किसी से कोई अपेक्षा न रहे, यही उनकी कामना है। इसी संदर्भ में बापू ने एक भावपूर्ण बात कही कि, ”मैं किसी को नाराज करने के लिए पैदा नहीं हुआ, मैं तुम सभी को राजी करने के लिए पैदा हुआ।”
सिंहस्थ 2028 में गूंजेगा ‘मानस महादेव’
उज्जैन में वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ का उल्लेख करते हुए मोरारी बापू ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के अवसर पर उज्जैन में वे ‘मानस महादेव’ का गायन करेंगे। इसके लिए उनकी पोथी भी तैयार है। बापू की इस घोषणा से कथा में उपस्थित श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का भाव दिखाई दिया। महाकाल की नगरी में शिव तत्व और रामकथा के आध्यात्मिक समन्वय का यह आयोजन आगामी सिंहस्थ के लिए भी एक महत्वपूर्ण आकर्षण बन सकता है।
शिवगणों के स्वरूप का रामचरितमानस में वर्णन
कथा के दौरान बापू ने रामचरितमानस की चौपाइयों और प्रसंगों के माध्यम से शिवगणों के स्वरूप की व्याख्या की। उन्होंने उत्तरकांड में वर्णित पंक्तियों का उल्लेख किया—
”खर स्वान सुअर सृकाल मुख गन बेष अगनित को गनै। बहु जिनस प्रेत पिसाच जोगि जमात बरनत नहिं बनै॥”
”तन छार ब्याल कपाल भूषन नगन जटिल भयंकरा। संग भूत प्रेत पिसाच जोगिनि बिकट मुख रजनीचरा॥”
इन चौपाइयों के माध्यम से शिवगणों के विविध और विलक्षण स्वरूप का वर्णन करते हुए उन्होंने शिव की व्यापकता और उनकी अनूठी गण परंपरा को कथा के भाव से जोड़ा।
पार्वती के मन का संदेह और रामकथा का मर्म
नियमित कथा क्रम में बापू ने रामचरितमानस के विभिन्न कांडों के प्रसंगों और चौपाइयों की व्याख्या की। माता पार्वती के मन में उत्पन्न संदेह, उनके मनोरथ और भगवान शिव के साथ उनके आध्यात्मिक संबंध का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि मनुष्य के मन में एक बार संदेह उत्पन्न हो जाए तो उससे मुक्त होना अत्यंत कठिन होता है। माता पार्वती के मन में भी भगवान शिव के प्रति संदेह का प्रसंग आया था। कथा के माध्यम से इस प्रसंग के आध्यात्मिक और मानवीय पक्ष को समझाया गया।
बापू ने रामचरितमानस की इन मंगलकारी पंक्तियों का भी भावपूर्ण उल्लेख किया—
”मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवउ सो दसरथ अजिर बिहारी॥”
इसी प्रकार शिव-पार्वती के संदर्भ में मानस की पंक्ति—
”मंगल भवन अमंगल हारी। उमा सहित जेहि जपत पुरारी॥”
तथा रामकथा की लोकमंगलकारी महत्ता को व्यक्त करने वाली चौपाई—
”भनिति भदेस बस्तु भलि बरनी। राम कथा जग मंगल करनी॥”
के भावों को प्रस्तुत किया। उन्होंने रामकथा को लोकमंगल, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का माध्यम बताया।
मां शिप्रा की आध्यात्मिक महत्ता पर भी हुआ चिंतन
उज्जैन की जीवनदायिनी और धार्मिक आस्था की प्रतीक मां शिप्रा के महत्व पर भी बापू ने अपने विचार रखे। महाकाल, कालभैरव, सिद्धमाता, मां शिप्रा और यहां की तंत्र साधना परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने उज्जैन को विशिष्ट आध्यात्मिक चेतना से संपन्न तीर्थ बताया।
मानस भारत स्वस्तिक यात्रा के माध्यम से रामकथा की लोकमंगलकारी भावना को देश के विभिन्न तीर्थों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उज्जैन की इस कथा में शिव तत्व, रामभक्ति, वैदिक परंपरा और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया। विशेष रूप से सिंहस्थ 2028 में ‘मानस महादेव’ के गायन की घोषणा ने उज्जैन के आध्यात्मिक जगत में आगामी आयोजन को लेकर नई उत्सुकता जगा दी है।
द्वारका से जगन्नाथ पुरी तक रामकथा के माध्यम से विश्व मंगल का संदेश दे रही मानस भारत स्वस्तिक यात्रा
पूज्य मोरारी बापू के सान्निध्य में निकली मानस भारत स्वस्तिक यात्रा द्वारका से प्रारंभ होकर देश के विभिन्न प्रमुख तीर्थस्थलों से गुजरते हुए 22 नवंबर 2026 को जगन्नाथ पुरी में संपन्न होगी। 14 से 22 नवंबर तक चलने वाली इस आध्यात्मिक यात्रा में लगभग 900 श्रद्धालु दो विशेष ट्रेनों के माध्यम से बापू के साथ सहभागी हैं। यात्रा के दौरान उज्जैन, नागपुर, चंपारण (छत्तीसगढ़), मायापुर और कोलकाता सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्रों पर रामकथा के आयोजन निर्धारित हैं। रामकथा के माध्यम से सत्य, प्रेम, करुणा, सद्भाव और विश्व मंगल का संदेश प्रसारित करना इस यात्रा का प्रमुख भाव है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कथा में लिया बापू का आशीर्वाद, गौसंवर्धन और प्राकृतिक खेती को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रामकथा में उपस्थित होकर पूज्य मोरारी बापू से आशीर्वचन प्राप्त किए। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार की ओर से बापू एवं उनके साथ आए सभी यात्रियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि महर्षि सांदीपनि का पावन आश्रम गरीब और अमीर के बीच समानता तथा समरसता का सबसे बड़ा उदाहरण है। ऐसे पवित्र स्थान पर बापू की रामकथा होना उज्जैन के लिए गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार तीर्थस्थलों को उनकी आध्यात्मिक गरिमा के अनुरूप विकसित करने के लिए संकल्पित है। इसी दिशा में चित्रकूट के विकास की भी व्यापक परिकल्पना की जा रही है। उन्होंने गौसंरक्षण और संवर्धन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि गौशालाओं के संचालन एवं पशुओं के पालन-पोषण के लिए योजनाएं प्रारंभ की गई हैं। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए भी सरकार विशेष प्रयास कर रही है तथा एक गाय के माध्यम से प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के लिए भी योजना बनाई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौशालाओं की रक्षा, गौवंश का संरक्षण और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सिंहस्थ 2028 का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उसका आनंद तो आज से ही प्रारंभ हो गया है। अंत में उन्होंने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि पूज्य बापू की रामकथा सुनकर वे स्वयं को धन्य अनुभव कर रहे हैं।
सूर खेड़ी सुठेली: शूरवीरों की भूमि का सुनहरा इतिहास, बावड़ी और वीरगाथाओं की कहानी
सोयतकलां में RSS का पथ संचलन, पंच परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण का संदेश











