ब्रेकिंग न्यूजआगर मालवामध्यप्रदेश

ब्रेकिंग न्यूज़ | दर्दनाक हादसा: चलती बस में ड्राइवर को आया अटैक, मौके पर मौत



बस अनियंत्रित होकर टकराई होर्डिंग और ईंट के ढेर से, दर्जनों यात्री बाल-बाल बचे

जनमत जागरण @ कानड़ (आगर मालवा)।
कभी-कभी ज़िंदगी एक पल में थम जाती है… और वो पल किसी के लिए आखिरी साबित होता है। शनिवार सुबह कानड़ में एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जब यात्रियों से भरी एक बस के ड्राइवर को चलती बस में अचानक अटैक आया। स्टेयरिंग पर उसकी साँसें टूट गईं और बस बेकाबू हो गई। हादसे में ड्राइवर की मौत हो गई, लेकिन किस्मत से सभी यात्री सुरक्षित रहे। लोग कहते रह गए… “थोड़ा और देर होती, तो तस्वीर कुछ और होती…”

घटना शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। मालवा ट्रेवल्स की यात्री बस (क्रमांक MP 70 P 1786), जो बड़ोद से शुजालपुर की ओर प्रतिदिन चलती है, हमेशा की तरह कानड़ बस स्टैंड से 9:25 बजे रवाना हुई थी। जैसे ही बस नलखेड़ा चौराहा पहुंची, बस चला रहे चालक रईसुद्दीन पिता रफीक उदीन 54 वर्षीय (निवासी आगर मालवा) को अचानक तबीयत बिगड़ने लगी और कुछ ही क्षणों में उसे हार्ट अटैक आ गया।

ड्राइवर की स्थिति बिगड़ते ही बस बेकाबू होकर रोड के किनारे लगे होर्डिंग और ईंट के ढेर से जा टकराई। गनीमत रही कि बस वहीं रुक गई, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में सड़क किनारे खड़ी दो बाइकें भी चपेट में आ गईं। बस में बैठे यात्री घबरा गए, लेकिन किसी को कोई चोट नहीं आई।

मौके पर मौजूद दुकानदार और रहवासी तुरंत दौड़े और ड्राइवर को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बस को थाने में खड़ा कर दिया गया और यात्रियों को दूसरी बस में रवाना किया गया।


Related Articles

error: Content is protected !!