सोयतकलां में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का आत्मीय स्वागत, बगलामुखी दर्शन के दौरान रुकीं कुछ पल

वसुंधरा राजे का आत्मीय पड़ाव – सोयतकलां में हुआ गरिमामय स्वागत
जनमत जागरण @ सोयतकलां
झालरापाटन विधानसभा क्षेत्र की विधायक और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे तीन दिवसीय प्रवास के दौरान गुरुवार को विश्वविख्यात मां बगलामुखी मंदिर दर्शन हेतु जा रही थीं। इस अवसर पर उन्होंने इंदौर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सोयतकलां नगर में अल्प विश्राम किया, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत किया।

अल्प स्वागत समारोह के दौरान भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष चिंतामण राठौर ने वसुंधरा राजे से क्षेत्रीय विकास की महत्त्वपूर्ण मांग रखते हुए रेलवे लाइन को शीघ्र स्वीकृति दिलाने का अनुरोध किया। राजे ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा—
“मैं हरसंभव प्रयास करूंगी और आपकी बात को उच्च स्तर तक पहुंचाऊंगी।”

इस अवसर पर वसुंधरा राजे को जय श्री राम लिखा दुपट्टा गले में डालकर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया , ओर अपनी श्रद्धा और समर्थन प्रकट किया। इस अल्प लेकिन भावपूर्ण स्वागत में नगर के पार्षद प्रकाश यादव, पत्रकार मनीष जैन, पूर्व जनमत सदस्य मनीष गुप्ता, कार्यकर्ता गोपाल खटोर सहित अनेक स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राजनीतिक दृष्टि से रणनीतिक नगर – सोयतकलां
गौरतलब है कि सोयतकलां नगर मध्यप्रदेश और राजस्थान की सीमा के बाद पहला प्रमुख पड़ाव है। राजस्थान की पिड़ावा विधानसभा क्षेत्र की ओर जाने वाले सभी प्रमुख राजनेताओं का यह प्रमुख मार्ग है। नगर का राजस्थान की राजनीति से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। यही कारण है कि जब भी कोई वरिष्ठ नेता यहां से गुजरता है, तो कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए कुछ पल इस नगर में अवश्य रुकता है।



