आगर मालवाआस्थामध्यप्रदेशहम जनता के अहम मुद्दे

“सुसनेर में आतंकी हमले के खिलाफ जनाक्रोश: कैंडल मार्च और पाकिस्तान के ध्वज पर आक्रोश प्रदर्शन”

सुसनेर में पाकिस्तान के विरुद्ध जनाक्रोश : कैंडल मार्च और ध्वज पेंट कर व्यक्त किया आक्रोश

जनमत जागरण @सुसनेर।

“जब निर्दोषों का लहू धरती पर गिरता है, तो हर संवेदनशील हृदय आक्रोश से भर उठता है। 22 अप्रैल को पहलगांव (कश्मीर) में हुए अमानवीय आतंकी हमले ने सुसनेर वासियों के हृदय को भी झकझोर दिया। अपने वीर मृतकों को श्रद्धांजलि देने और आतंक के विरुद्ध एकजुटता दर्शाने के लिए नगरवासियों ने दीप प्रज्वलित कर श्रद्धा और आक्रोश के स्वर में प्रतिकार का उद्घोष किया। वहीं बजरंगियों ने सड़क पर पाकिस्तान के झंडे को पैरों तले रौंदकर अपने आक्रोश की ज्वाला को प्रकट किया।”

जनमत जागरण @ सुसनेर। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगांव में हुए जघन्य आतंकी हमले में निर्दोष पर्यटकों की हत्या से क्षुब्ध सुसनेर नगरवासियों ने सोमवार सायंकाल गहन आक्रोश व्यक्त किया। श्रद्धांजलि स्वरूप नगर में विशाल कैंडल मार्च का आयोजन किया गया, वहीं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के प्रति रोष प्रकट करते हुए प्रमुख चौराहे पर सड़क पर पाकिस्तान का झंडा पेंट कर आक्रोशपूर्ण नारेबाजी की।

कैंडल मार्च की शुरुआत सिंचाई विभाग स्थित मनकामेश्वर महादेव मंदिर से विधिवत रूप से हुई। नगरवासी हाथों में मोमबत्तियाँ लेकर भारत माता के जयकारों के साथ प्रमुख मार्गों से होते हुए श्रीराम मंदिर धर्मशाला तक पहुँचे। मार्ग में ‘आतंकवाद मुर्दाबाद’ और ‘वीर शहीद अमर रहें’ जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा।


धर्मशाला परिसर में पहुँचकर नगरवासियों ने सामूहिक रूप से महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया तथा पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। मोमबत्तियाँ जलाकर कृतज्ञता और संवेदना के दीप प्रज्वलित किए गए।

उधर, नगर के प्रमुख चौराहों पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय ध्वज को सड़क पर पेंट करवाकर उसे अपने पैरों तले रौंदते हुए उग्र नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आतंकवाद को पनाह देने वाले पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा आक्रोश प्रकट करते हुए केंद्र सरकार से ठोस कार्रवाई की माँग की।
इस दौरान चौराहों पर ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’, ‘आतंकवाद के आकाओं को कुचलो’ जैसे घोष से वातावरण उग्र और ओजस्वी बना रहा।

नगर में सम्पन्न हुए इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों ने एक स्वर में आतंकवाद के विरुद्ध अपनी एकजुटता तथा राष्ट्र के प्रति अपनी अपार श्रद्धा का परिचय दिया।


Related Articles

error: Content is protected !!