सालरिया गो अभयारण्य में 10 दिवसीय व्यक्तित्व विकास शिविर शुरू – सूर्या फाउंडेशन की पहल, 7000 गौमाताओं के सान्निध्य में संस्कारवान पीढ़ी का निर्माण

🌿 “संस्कारों की भूमि पर साकार हो रहा है सशक्त भारत का स्वप्न…” 🌿
गोमाता की सान्निध्य में आरंभ हुआ 10 दिवसीय व्यक्तित्व विकास शिविर – देश के भावी कर्णधारों के लिए सूर्या फाउंडेशन का अभिनव प्रयास
जनमत जागरण @ सुसनेर ।
मालवा की पुण्यभूमि पर, सात सहस्र गौमाताओं के दिव्य सान्निध्य में, जब बालक अपने ललाट पर तिलक और तन पर ऊपरना धारण कर गुरुकुल की पावन परंपरा में प्रवेश करते हैं, तब वह क्षण केवल एक शिविर का उद्घाटन नहीं होता – वह भविष्य के भारत की आत्मा के निर्माण का बीजारोपण होता है।
ऐसा ही एक अद्भुत दृश्य सुसनेर जनपद की गोविभूत भूमि श्री कामधेनु गो अभयारण्य सालरिया में उस समय साकार हुआ, जब विश्व के लोक प्रसिद्ध गो सेवा संस्थान श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा द्वारा संचालित श्री कामधेनु गुरुकुलम में क्षेत्र के कक्षा 6वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 10 दिवसीय व्यक्तित्व निर्माण शिविर का शुभारंभ हुआ।

यह शिविर 07 जून से 17 जून 2025 तक चलेगा, जिसका उद्देश्य है – युवाओं में आत्मबल, नेतृत्व क्षमता, नैतिकता और राष्ट्रनिष्ठ जीवन मूल्यों का विकास।
शिविर का उद्घाटन समारोह पिड़ावा थानाधिकारी सुरेश कुमार गुर्जर की अध्यक्षता में तथा सूर्या फाउंडेशन दिल्ली के वाइस चेयरमैन हेमन्त शर्मा के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। साथ ही नगर पालिका पिड़ावा के चेयरमैन श्री रामेश्वर पाटीदार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
भगवान कल्पगुरु दत्तात्रेय, भगवती करणी माता एवं देवमातृका गोमाता की पूजन-आरती के साथ शिविर का उद्घाटन हुआ, जिसमें श्री कामधेनु शनिदेव नवयुवक समिति की युवा टीम ने पारंपरिक भाव से अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में श्री कामधेनु गो अभयारण्य के संचालन मंडल के सदस्य – लाल सिंह, नाथू सिंह, कालू सिंह, नारायण सिंह, भगवान सिंह, रामलाल, बने सिंह, प्रहलाद सिंह, पूनम सिंह, बालू सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गुरुकुल शिक्षकगण उपस्थित रहे।

सूर्या फाउंडेशन के अनुभवी प्रशिक्षकों का एक विविधतापूर्ण दल शिविर में उपस्थित है –
धर्मेन्द्र चौहान (एडवांस प्लानर, ग्वालियर), नितिन चौधरी (मुजफ्फरनगर, यूपी), रामकुमार (बौद्धिक प्रमुख, विदिशा), मानसू दुग्गल (कराटे कोच, बहादुरगढ़), अमन (ग्रुप इंचार्ज, झारखंड), अनुराग मिश्रा (फिजिकल इंचार्ज, बनारस), मीत जोशी (नेचुरोपैथी, झुंझनू), अनिरुद्ध जोशी (टाइम कॉर्डिनेटर), मुकुल (ग्रुप इंचार्ज, दिल्ली), सागर (फिजिकल प्रमुख, महाराष्ट्र), यथार्थ जोशी (वीडियो-फोटोग्राफी), पीयूष पुष्पद (भोजनालय, झालावाड़) आदि।
गुरुकुल प्राचार्या श्रीमती मधुबाला, सह-प्राचार्य हीरालाल यदुवंशी, गोविंद चौहान, लखन तंवर, राहुल आचार्य ने भी बालकों के साथ आत्मीय संवाद कर वातावरण को उर्जावान बनाया।
मुख्य वक्ता हेमन्त शर्मा ने उद्घाटन समारोह में कहा—
“अपने आपको शक्तिशाली बनाने के लिए ही इस प्रकार के व्यक्तित्व विकास शिविरों का आयोजन किया जाता है। सूर्या फाउंडेशन के चेयरमैन पद्मश्री जयप्रकाश अग्रवाल (जेपी सर) का सपना था कि यदि देश का युवा जागे, तो भारत पुनः विश्वगुरु बन सकता है। इसी उद्देश्य से 1992 से फाउंडेशन भारत के सर्वांगीण विकास में समर्पित है। और आज यह शिविर उसी संकल्प का विस्तार है।”
अध्यक्षीय उद्बोधन में थानाधिकारी सुरेश कुमार गुर्जर ने कहा —
“विश्व के इस गो अभयारण्य में गौमाताओं की सात्विकता से ओतप्रोत वातावरण में यह बालक नवीन स्फूर्ति और नई चेतना से ओतप्रोत होंगे और श्रेष्ठ भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगे।”
शिविर के दौरान सूर्या फाउंडेशन के प्रशिक्षकों ने शिविर गीत, टीम परिचय, संकल्प, प्रतिज्ञा और संकीर्तन के माध्यम से बालकों में नव चेतना का संचार किया।
समारोह का संचालन श्री कामधेनु गो अभयारण्य के प्रबंधक शिवराज शर्मा ने किया तथा समापन में पालक मास्टर विक्रम सिंह परिहार ने समस्त अतिथियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों का हृदय से आभार व्यक्त किया।




