मध्यप्रदेशआगर मालवास्पाट लाइट

“जिंदगी को हां, नशे को ना”— आगर में मिनी मैराथन दौड़ से गूंजा जागरूकता का संदेश, एडवोकेट देवड़ा को सिल्वर मेडल

“जिंदगी को हाँ, नशे को ना” – मैराथन से गूंजा जागरूकता का संदेश

एडवोकेट देवड़ा को मिला सिल्वर मेडल, युवाओं को नशे से दूर रहने की प्रेरणा

आगर-मालवा, 24 जून। अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस (26 जून) के पूर्व जिला मुख्यालय पर सोमवार को “जिंदगी को हाँ, नशे को ना” थीम पर जन-जागरूकता मिनी मैराथन दौड़ का आयोजन हुआ। यह आयोजन सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें 150 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मैराथन की शुरुआत विजय स्तंभ चौराहे से हुई और यह छावनी नाका, पुराना कलेक्टर भवन, उत्कृष्ट विद्यालय मार्ग होते हुए हेलीपैड मैदान पर समाप्त हुई। कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह ने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी की अपील की, जबकि पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने नशे को परिवार और समाज के लिए घातक बताया।

विभिन्न वर्गों के विजेताओं ने बढ़ाया आयोजन का गौरव

इस मैराथन में विभिन्न वर्गों के प्रतिभागियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। 10 से 20 वर्ष आयु वर्ग में राजेंद्र ने प्रथम, विशाल यादव ने द्वितीय और राहुल प्रजापति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग में यशवंत राठौर ने प्रथम, विशाल राठौर द्वितीय और विशाल गवली तृतीय स्थान पर रहे। 41 से 60 वर्ष आयु वर्ग में एडवोकेट भागीरथ देवड़ा ने दूसरा स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल जीता, जबकि प्रथम स्थान विनोद को प्राप्त हुआ। महिला वर्ग में सविता प्रथम, अंजलि सोलंकी द्वितीय, और निशा चौहान एवं रजनी कुंभकार संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। पुलिस विभाग श्रेणी में विक्रम सोलंकी प्रथम, राहुल सिंह द्वितीय और दिलीप सिंह तृतीय स्थान पर रहे। 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में वरिष्ठ नागरिक श्री तुलसीराम प्रजापति ने प्रेरणादायक भागीदारी की और विशेष सराहना अर्जित की।

प्रतियोगिता के समापन पर सभी प्रतिभागियों को नशा न करने की शपथ दिलाई गई और नशे के दुष्परिणामों की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही राष्ट्रीय नशा मुक्ति हेल्पलाइन 14446 की जानकारी भी दी गई। आयोजन में विभिन्न अधिकारीगण, गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक संगठनों का योगदान उल्लेखनीय रहा।

एडवोकेट देवड़ा को सम्मान, समाजसेवा के मिले शुभकामनाएं

मैराथन में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए सामाजिक कार्यकर्ता एवं एडवोकेट श्री भागीरथ देवड़ा को एसडीओपी श्री मोतीलाल कुशवाह ने सिल्वर मेडल देकर सम्मानित किया। 40+ आयु वर्ग की इस दौड़ में देवड़ा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उन्हें यह सम्मान कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह और एसपी श्री विनोद कुमार सिंह की उपस्थिति में प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि पर उनके मित्रों व परिजनों ने शुभकामनाएं दीं और इसे समाजसेवा के प्रति उनकी सक्रियता का प्रतीक बताया।

Related Articles

error: Content is protected !!