बायपास ने बढ़ाई सुसनेर के नागरिकों की चिंता, नेमिधाम सड़क का मुद्दा भी उठा, सांसद नागर को सौंपी दोहरी मांग

📰 सुसनेर बायपास पर जनता की दो टूक – सांसद से रूट परिवर्तन की मांग, घर-व्यवसाय बचाने की जद्दोजहद
झालावाड़-उज्जैन रोड पर प्रस्तावित बायपास ने बढ़ाई चिंता, नेमिधाम रोड पर भी हुई चर्चा
जनमत जागरण @सुसनेर। सुसनेर में सड़क निर्माण को लेकर दो अहम मुद्दों ने मंगलवार को जोर पकड़ लिया। एक ओर झालावाड़-उज्जैन रोड पर प्रस्तावित बायपास और फ्लाईओवर के कारण दर्जनों मकान और व्यवसाय खतरे में हैं, वहीं दूसरी ओर अमरकोट-नेमिधाम तक पक्की सड़क की वर्षों पुरानी मांग भी फिर से उठी।
🚧 बायपास विवाद: नगर के विकास या विनाश का सवाल?
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत झालावाड़-उज्जैन मार्ग पर प्रस्तावित बायपास और फ्लाईओवर नगर की सीमा से सटे हुए क्षेत्रों से होकर गुजर रहा है। इससे सुसनेर के अनेक नागरिकों के घर और व्यवसाय सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने चिंता जताई कि यदि यह बायपास नगर से कुछ दूरी पर निकाला जाए तो न केवल उनकी मेहनत और आजीविका सुरक्षित रहेगी, बल्कि नगर का सुव्यवस्थित विकास भी संभव होगा।
इसी को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने सांसद रोडमल नागर से मुलाकात की और रूट परिवर्तन हेतु हस्तक्षेप की मांग रखी। नागरिकों ने स्पष्ट कहा कि वे अपने घर और व्यवसाय पर किसी भी प्रकार का संकट नहीं चाहते और इसके लिए एकजुट संघर्ष करेंगे।
🛤️ अमरकोट-नेमिधाम सड़क: जनमत जागरण ने चुनाव में उठाया था मुद्दा
इंदौर-कोटा नेशनल हाईवे से ढाई किलोमीटर दूर स्थित अमरकोट ग्राम आज भी कच्चे रास्ते के सहारे जुड़ा हुआ है। अमरकोट का ऐतिहासिक किला और लगभग 1500 वर्ष पुराना दिगम्बर जैन तीर्थ नेमिधाम श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा केंद्र है। खराब सड़क के कारण यहां आने वाले श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
जनमत जागरण ने इस मुद्दे को लोकसभा चुनाव के समय प्रमुखता से उठाया था। मंगलवार को नागरिकों ने इसे दोबारा सांसद के समक्ष रखा और पक्की सड़क के निर्माण की अपील की।
🗣️ सांसद नागर का आश्वासन
सांसद रोडमल नागर ने दोनों ही मुद्दों पर प्रतिनिधियों की बात गंभीरता से सुनी और भरोसा दिलाया कि वे संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर जनता के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
👥 कौन-कौन रहे शामिल?
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक हजारीलाल दांगी, पूर्व विधायक बद्रीलाल सोनी, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता मोहनसिंह गुंदलावदा, मुकेश हरदेनिया, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राहुल सिसोदिया, भाजपा मंडल महामंत्री पवन शर्मा, मुकेश सांवला, अनिल जैन मामा, मनीष जैन खुपवाला, योगेश पांडे, अशोक जैन तंबाकू वाला सहित कई अन्य समाजसेवी उपस्थित रहे।प्रतिनिधिमंडल में भागीरथ माली, दिनेश माली, गोरधन माली, इरफान मंसूरी, नेमीचंद माली, रफीक मंसूरी सहित कई गणमान्य नागरिक शामिल रहे।
✍️ जनमत जागरण का दृष्टिकोण
बायपास रूट परिवर्तन का मुद्दा सुसनेर के वर्तमान और भविष्य दोनों से जुड़ा है। यह केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि सैकड़ों नागरिकों की आजीविका और नगर के संतुलित विकास का प्रश्न है। वहीं अमरकोट-नेमिधाम सड़क का मुद्दा वर्षों पुराना है जिसे जनमत जागरण ने लोकसभा चुनाव के समय भी जनता की आवाज़ बनाकर उठाया था।



