आगर मालवाआस्थामध्यप्रदेश

सावन के चौथे सोमवार पर नर्मदेश्वर महादेव को 1 किलो चांदी का मुकुट अर्पित | भावसार परिवार ने शोभायात्रा के साथ किया भव्य समर्पण

📜 सावन की चौथी सोमवारी: चांदी का मुकुट और श्रद्धा की आभा

“दान, जब श्रद्धा से जुड़ता है तो वह केवल अर्पण नहीं, आत्मिक उन्नति का द्वार बन जाता है। सावन का सोमवार और शिव की भक्ति – यह संगम स्वयं में एक पवित्र संकल्प है।”

सोयतकला नगर में सावन के चौथे सोमवार को एक अनुपम दृश्य देखने को मिला। शिवभक्तों की भक्ति, भावनाओं और भव्यता का अद्वितीय संगम तब साक्षात हुआ, जब नगर के प्रतिष्ठित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पर भावसार परिवार ने 1 किलो 8 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट अर्पित कर भगवान शिव के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा का परिचय दिया।

🛕 भक्ति और उत्साह से सजी शोभायात्रा

इस पुनीत अवसर पर रामप्रसाद भावसार, देवेंद्र भावसार, राजू भावसार, कमलेश भावसार, अंतिम भावसार और दीपेश भावसार ने यह चांदी का मुकुट अर्पण किया, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 1.20 लाख रुपये है। मुकुट अर्पण से पूर्व, स्वनिवास से माधव चौक स्थित मंदिर तक एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्ति गीतों की धुन पर झूमते भक्तजन इस यात्रा को एक जीवंत आध्यात्मिक उत्सव में बदलते नज़र आए। इस पुनीत अवसर पर नगर के जनप्रतिनिधि , गणमान्य नागरिक, नर्मदेश्वर महादेव मंदिर की समिति सहित सभी मित्र इस भक्तिमय में आयोजन में सम्मिलित हुए ।

मंदिर परिसर पहुंचकर वेदाचार्य देवेंद्र शर्मा द्वारा विधिपूर्वक महादेव का अभिषेक कर मुकुट समर्पण की दिव्यता को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की गई। अंत में मंदिर को श्रृंगारित कर मोहन भोग का प्रसाद वितरित किया गया। भक्तों की उपस्थिति और उनकी आस्था ने सावन के इस अंतिम सोमवार को एक ऐतिहासिक स्मृति बना दिया।


🕉️ दान की सनातन महिमा: एक सार्थक चिंतन

सावन के महीने में भगवान शिव को अर्पित किया गया चांदी का मुकुट केवल धातु नहीं, भक्त की भावनाओं, श्रद्धा और त्याग का प्रतीक होता है। नीलकंठश्वर महादेव हो या नर्मदेश्वर शिवलिंग, जब कोई भक्त अपने तप, संकल्प और आस्था से कुछ समर्पित करता है, तो वह केवल पूजा नहीं करता – वह अपनी आत्मा को शिवमय करता है।

सनातन संस्कृति में दान को ‘सात्विक कर्तव्य’ कहा गया है। मुकुट दान केवल महादेव को प्रसन्न करने का उपाय नहीं, बल्कि यह निज स्वार्थ से ऊपर उठकर लोकमंगल के भाव को जाग्रत करने का माध्यम है।

जब समाज में ऐसे प्रेरणादायी उदाहरण सामने आते हैं, तो यह नई पीढ़ी को भी यह संदेश देता है कि श्रद्धा यदि कर्म से जुड़ जाए, तो संस्कृति का सूर्य कभी अस्त नहीं होता।


🔱 “श्रद्धा से किया गया दान कभी व्यर्थ नहीं जाता, वह युगों तक पुण्य रूप में समाज को प्रेरणा देता रहता है।”

🙏 भावसार परिवार की इस अनुपम श्रद्धा को जनमत जागरण परिवार की ओर से विनम्र वंदन एवं साधुवाद।

Related Articles

error: Content is protected !!