आगर मालवाआस्थामध्यप्रदेशस्पेशल रिपोर्ट

शनि जयंती पर मध्य प्रदेश – राजस्थान की सीमा पर स्थित गुराडिया शनि धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

तिल-गुड़ का भोग लगा, शनिदेव को मनाया

शनि जयंती पर गुराडिया शनि धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

जनमत जागरण @ डोंगरगांव / सोयतकलां। मध्यप्रदेश–राजस्थान की सीमा पर स्थित गुराडिया का प्राचीन शनि धाम केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास और श्रद्धा का जीवंत केंद्र है। मान्यता है कि यहां न्याय के देवता भगवान शनिदेव के दरबार में सच्चे मन से की गई प्रार्थना भक्तों के जीवन के कष्टों को दूर कर सुख, समृद्धि और शांति का मार्ग प्रशस्त करती है। शनि जयंती एवं शनि अमावस्या के पावन अवसर पर इसी दिव्य धाम में श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां हजारों भक्तों ने तिल-गुड़, तेल और उड़द अर्पित कर शनिदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। ग्राम पंचायत गुराडिया का प्राचीन शनि धाम मंदिर वर्षों से श्रद्धा और आस्था का केंद्र बना हुआ है। न्याय के देवता भगवान शनिदेव की कृपा प्राप्ति के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना भक्तों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करती है। हर पर्व पर मंदिर समिति द्वारा भव्य व्यवस्थाएं और महाप्रसाद वितरण इस धाम की विशेष पहचान बन चुकी है।

शनि जयंती एवं शनि अमावस्या के पावन अवसर पर गुराडिया स्थित शनि धाम मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। मंदिर को एक दिन पूर्व से ही फूलों एवं आकर्षक सजावट से अलंकृत किया गया था। शनिवार सुबह 8 बजे भगवान शनिदेव की भव्य आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सुबह से ही दर्शनार्थियों का आना-जाना प्रारंभ हो गया था, जो देर रात तक जारी रहा।

भीषण गर्मी को देखते हुए मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। परिसर में छाया हेतु टेंट लगाए गए, बड़े कूलर एवं ठंडे पानी के कैंपर जगह-जगह रखे गए ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। समिति द्वारा लगभग 6 बोरी शक्कर का प्रसाद भी वितरित किया गया।

भक्तों ने भगवान शनिदेव को काला तिल, तेल एवं उड़द अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की प्रार्थना की। प्राचीन एवं चमत्कारी मान्यता वाले इस मंदिर में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

आयोजन के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पुलिस विभाग की टीम पूरे समय श्रद्धालुओं की सहायता हेतु तैनात रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर मंदिर समिति ने शासन-प्रशासन, पुलिस विभाग, ग्रामवासियों, भक्तजनों एवं सहयोगी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

error: Content is protected !!