सुसनेर में विहिप–बजरंग दल का भव्य शौर्य संचलन, सोहन विश्वकर्मा बोले— गीता ग्रंथ नहीं, जीवन जीने की कला है

गीता जयंती पर निकली शौर्य यात्रा, नगर में उमड़ा सनातन उत्साह, ” तीन थानों का पुलिस बल रहा सतर्क”
जनमत जागरण @ सुसनेर।
श्रीमद्भागवत गीता सनातन धर्म के लिए केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की संपूर्ण कला है। गीता स्पष्ट रूप से कहती है— “धर्मो रक्षति रक्षितः”, अर्थात जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म उसकी रक्षा करता है। उक्त विचार विश्व हिंदू परिषद मध्यप्रदेश–छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय गौ रक्षा प्रमुख सोहन विश्वकर्मा ने गुरुवार को गीता जयंती के अवसर पर आयोजित विहिप–बजरंग दल के शौर्य संचलन कार्यक्रम में व्यक्त किए।
कार्यक्रम का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में किया गया, जहां मुख्य वक्ता श्री विश्वकर्मा ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गीता हमें निर्भीक होकर धर्म के मार्ग पर चलते हुए अपने कर्तव्यों के निर्वहन की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि दुराचारी और जिहादी मानसिकता रखने वालों को उसी भाषा में उत्तर देना चाहिए, जिसे वे समझते हों।
🚩 अयोध्या से लेकर राष्ट्रधर्म तक की प्रेरणा
मुख्य वक्ता ने कहा कि गीता जयंती के अवसर पर शौर्य संचलन निकालने की परंपरा विश्व हिंदू परिषद द्वारा निभाई जाती है। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि विहिप ने लंबी न्यायिक लड़ाई के बाद बाबर के नाम के कलंक को मिटाकर प्रभु श्रीराम के जन्मस्थल पर भव्य मंदिर का निर्माण कराया, जो आज सम्पूर्ण हिंदू समाज के सामने ऐतिहासिक प्रमाण है।

🚩 नशामुक्त और धर्मनिष्ठ जीवन का संकल्प
श्री विश्वकर्मा ने उपस्थित सैकड़ों बजरंगियों को संकल्प दिलाया कि वे सनातन धर्म की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहकर राष्ट्र व समाज के लिए कार्य करेंगे।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों में विहिप जिलाध्यक्ष किशोर बैरागी ,जिला उपाध्यक्ष भरत भावसार, जिला मंत्री जितेन्द्र सिंह राठौड़, प्रखंड अध्यक्ष शेर सिंह, प्रखंड संयोजक अनुराग कानुडिया शामिल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत श्रीराम दरबार के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई।
🚩 नगर में निकला भव्य शौर्य संचलन
इसके पश्चात विहिप–बजरंग दल का शौर्य संचलन सरस्वती शिशु मंदिर बस स्टैंड से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरता हुआ श्रीराम मंदिर परिसर में संपन्न हुआ। बजरंग दल के कार्यकर्ता घोष की ताल पर कदमताल करते हुए अनुशासन और शौर्य का परिचय देते नजर आए। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शौर्य संचलन का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन बलराम गायरी (जिला विद्यार्थी प्रमुख) ने किया।

🚩 सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
शौर्य संचलन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।
एसडीओपी देवनारायण यादव, सुसनेर थाना प्रभारी केसर राजपूत, सोयत थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा सहित तीन थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे उपस्थित
🚩 शौर्य यात्रा में प्रमुख रूप से रवि चौहान (विभाग सहसंयोजक), अनिल कांवल (जिला संयोजक), ऋषभ गोस्वामी (सहसंयोजक), जितेंद्र माली (सह मंत्री),
यज्ञेश विश्वकर्मा, पवन सोनी, शिवम शर्मा, शुभम विश्वकर्मा, मनीष राठौर, मोहन लौहार सहित जिला, प्रखंड, खंड व ग्राम समितियों के पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



