आगर मालवाब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश

शादी से लौट रहे दो सगे भाइयों की बाइक को जीप ने मारी टक्कर, हादसा इतना भयावह कि एक का पैर शरीर से अलग हुआ, मौके पर मौत

सुसनेर में दर्दनाक सड़क हादसा: शादी से लौट रहे दो सगे भाइयों की बाइक को जीप ने मारी टक्कर, एक की मौत


जनमत जागरण @ सुसनेर | सुसनेर क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे बाइक सवार दो सगे भाइयों की लालाखेड़ी जोड़ के पास सामने से आ रही जीप से आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार बालचंद पिता रोडजी सेन (55) निवासी मनासा (नलखेड़ा) का पैर कटकर शरीर से अलग हो गया। गंभीर चोटों के कारण बालचंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके भाई प्रेमनारायण पिता रोडजी सेन (60) गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दोनों भाई सुसनेर तहसील के ग्राम खेजड़ाखेड़ी में एक शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से वापस लौट रहे थे। लालाखेड़ी जोड़ के पास अचानक सामने से आ रही जीप से उनकी बाइक की जबरदस्त टक्कर हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस के पायलट अमर सिंह व पैरामेडिकल अर्जुन सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सिविल अस्पताल सुसनेर लेकर आए। अस्पताल में डॉ. नीलम जैन व डॉ. शशांक वर्मा ने परीक्षण के बाद बालचंद को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल प्रेमनारायण का प्राथमिक उपचार किया गया।
हादसे की भयावहता ने मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

अपील : यह दर्दनाक हादसा सिर्फ एक खबर नहीं, बल्कि हर दोपहिया वाहन चालक के लिए चेतावनी है। तेज़ रफ्तार, लापरवाही, ओवरटेक की जल्दबाज़ी और सुरक्षा नियमों की अनदेखी पल भर में जीवन भर का शून्य दे सकती है। बाइक चलाते समय हेलमेट पहनना, गति सीमा का पालन करना, सामने से आने वाले वाहनों की दूरी समझना और थकान या भावनात्मक स्थिति में वाहन न चलाना अत्यंत आवश्यक है। सड़क पर संयम, सावधानी और संवेदनशीलता ही जीवन की वास्तविक सुरक्षा है—क्योंकि घर पर कोई आपकी सुरक्षित वापसी का इंतज़ार कर रहा होता है।

Related Articles

error: Content is protected !!