आगर मालवामध्यप्रदेश

निजी स्कूल में मधुमक्खियों का हमला: चौथी कक्षा के छात्र रमन की मौत, घायलों छात्रों की उपचार के बाद छुट्टी

अचानक हमले से मची अफरा-तफरी, गंभीर घायल रमन ने इलाज के दौरान तोड़ा दम


📰 जनमत जागरण @ सोयतकलां:

सोयतकलां स्थित विवेकानंद विद्यालय में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों का झुंड स्कूल परिसर में मौजूद छात्रों पर आक्रामक हो गया। इस अप्रत्याशित घटना में करीब आधा दर्जन छात्र घायल हो गए।

घायलों में कक्षा चौथी के छात्र रमन (पिता: सज्जन सिंह कराड़ा) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोयतकलां लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। हालत नाजुक होने पर रमन को झालावाड़ रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय स्टाफ द्वारा तत्काल बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने एवं घायलों को नजदीकी चिकित्सालय भेजने की व्यवस्था की गई। प्रबंधन द्वारा हर संभव त्वरित सहायता प्रदान करने का प्रयास किया गया। बच्चों को बचाने के वक्त स्टॉप पर भी मधुमक्खियों ने हमला किया । विद्यालय प्रबंधन ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं और आश्वस्त करते हैं कि विद्यार्थियों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूल प्रबंधन ने घटना को एक अप्रत्याशित प्राकृतिक हादसा बताते हुए कहा कि परिसर में पहले कभी इस प्रकार की कोई घटना नहीं हुई थी। प्रबंधन के अनुसार घटना के तुरंत बाद बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और घायलों को उपचार हेतु भेजा गया। साथ ही भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की बात कही गई है।”


विनम्र श्रद्धांजलि:

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। जनमत जागरण परिवार दिवंगत बालक रमन को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है एवं ईश्वर से प्रार्थना करता है कि दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।


यह क्षति केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। इस दुखद घड़ी में हम सभी एकजुट होकर संवेदना प्रकट करें और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी निजी सरकारी व विद्यालय सतर्क रहें और सामूहिक संकल्प लें।


Related Articles

error: Content is protected !!