आगर मालवामध्यप्रदेश

ईमानदारी से जनता की सेवा करें, सुसनेर के विकास में धन की नहीं होगी कमी – मंत्री विजयवर्गीय


🔴 नवीन नप भवन व सब्जी मार्केट सहित करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण, जनसेवा और राष्ट्र भावना पर दिया जोर

जनमत जागरण @ सुसनेर से दीपक जैन । महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती के अवसर पर शनिवार को सुसनेर में विकास और जनसेवा का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया। मध्यप्रदेश शासन के नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आगर जिला प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक भैरोसिंह परिहार ‘बापू’, जिला प्रभारी जयदीप पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, विधायक मधु गहलोत एवं नगर परिषद अध्यक्ष प्रदीप सोनी सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में डग रोड स्थित नगर परिषद के नवीन भवन एवं महात्मा ज्योतिबा फुले सब्जी मार्केट सहित करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि सुसनेर देवस्थानों से घिरा सौभाग्यशाली क्षेत्र है और यहां के जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य है कि वे पूरी ईमानदारी से जनता की सेवा करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “सुसनेर के विकास में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी, लेकिन जनसेवा भी उतनी ही सुंदर और पारदर्शी होनी चाहिए जितना यह नवीन भवन है।”

उन्होंने पार्षदों और नव नियुक्त अध्यक्ष की सराहना करते हुए कहा कि जनता ही हमारे लिए जनार्दन है और उनकी सेवा ही सच्चे अर्थों में ईश्वर की सेवा है। साथ ही उन्होंने राष्ट्रभावना पर जोर देते हुए कहा कि भारत माता की सेवा ही सर्वोपरि है और वंदे मातरम या भारत माता की जय कहने में संकोच करने वालों पर उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से आपत्ति भी जताई।

मंत्री विजयवर्गीय ने अपने उद्बोधन में किसानों, मातृशक्ति और युवाओं को देश की शक्ति बताते हुए कहा कि जब ये तीनों वर्ग मजबूत होंगे तभी देश सशक्त बनेगा। मालवा क्षेत्र में पानी की उपलब्धता का उदाहरण देते हुए उन्होंने जल संरक्षण को अनिवार्य बताते हुए सभी से इस दिशा में सक्रिय भागीदारी की अपील की। साथ ही दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास कार्यों में सहयोग करने का आह्वान किया और इंदौर शहर का उदाहरण देते हुए सुसनेर को भी स्वच्छता में अग्रणी बनाने का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन से हुई। नगर परिषद द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। स्वागत भाषण में नप अध्यक्ष प्रदीप सोनी ने डाक बंगला रोड से सांई तिराहे तक डिवाइडर रोड निर्माण और भव्य प्रवेश द्वार की मांग रखी। इस दौरान अतिथियों ने महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

🔴 हितग्राहियों को मिले आवासीय अधिकार
कार्यक्रम के दौरान वार्ड क्रमांक 12 के 32 भूमिहीन परिवारों को आवासीय पट्टों के भू-अधिकार पत्र वितरित किए गए। आकाशवाणी कलाकार बाबूलाल सोलंकी की टीम ने भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। संचालन सांसद प्रतिनिधि मुकेश हरदेनिया एवं पवन शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सीएमओ ओपी नागर ने माना।

🔴 पूर्व नप अध्यक्ष सिसोदिया ने थामा भाजपा का दामन


शुक्रवारिया बाजार स्थित मंडल अध्यक्ष डॉ. सौरभ जैन के निवास पर पूर्व नप अध्यक्ष लक्ष्मी राहुल सिसोदिया ने अपने पति के साथ कांग्रेस छोड़ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जिला प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, जिला प्रभारी जयदीप पटेल एवं जिलाध्यक्ष ओम मालवीय ने उन्हें पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।

Related Articles

error: Content is protected !!