“केवल शास्त्र नहीं, अब शस्त्र भी जरूरी” – योगी महावीर नाथ का बड़ा बयान, आगर में सनातन यात्रा का शक्ति प्रदर्शन

संगठन विस्तार को मिली गति, नए पदाधिकारियों की नियुक्ति
📰 जनमत जागरण @ आगर-मालवा
“सिर्फ शास्त्रों के सहारे सनातन की रक्षा संभव नहीं, अब समय शस्त्र उठाने का भी है… हिंदू समाज को एकजुट होकर विरोधियों का सामना करना होगा।”
आगर की धरती पर यह तीखा और स्पष्ट संदेश दिया अखिल भारतीय सनातन परिषद के संभागीय अध्यक्ष योगी महावीर नाथ ने, जब ‘सनातन यात्रा’ ने जिले में प्रवेश किया। उनके इस बयान ने सभा में उपस्थित लोगों के बीच नई ऊर्जा और चर्चा दोनों को जन्म दिया।
बुधवार को जैसे ही यात्रा आगर जिले की सीमा में पहुंची, सैकड़ों वाहनों का काफिला, जय श्रीराम के गूंजते नारे और आतिशबाजी के बीच माहौल पूरी तरह धार्मिक और ऊर्जावान हो गया। जिला अध्यक्ष सतपाल सिंह के नेतृत्व में सीमा पाट पर भव्य स्वागत हुआ, जिसके बाद यात्रा का कारवां लगातार आगे बढ़ता रहा।

मंडल और ग्रामीण स्तर पर भी यात्रा को जबरदस्त समर्थन मिला। तनोडिया, पिपलिया, सुमराखेड़ी और कचनारिया सहित कई स्थानों पर मंच बनाकर स्वागत किया गया, जो इस यात्रा के प्रति जनसहभागिता को दर्शाता है।
आगर शहर में सागर गार्डन में आयोजित धर्मसभा इस पूरे आयोजन का केंद्र रही, जहां योगी महावीर नाथ ने अपने उद्बोधन में साफ कहा कि “सनातन धर्म आज चुनौती के दौर से गुजर रहा है और इससे निपटने के लिए समाज को संगठित और सजग रहना होगा।” उन्होंने जातिगत और पंथगत विभाजन को छोड़कर एकजुट होने का आह्वान किया।

सभा में बहादुर सिंह पटेल, प्रीति बैरागी और पुष्पा चौहान ने भी अपने विचार रखते हुए सनातन चेतना को मजबूत करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार को भी प्राथमिकता दी गई और कई नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। हेमंक जायसवाल को जिला महामंत्री, विनोद कटारिया को आगर तहसील अध्यक्ष, प्रवीण यादव को नलखेड़ा, सत्येंद्र सिंह चौहान (सेठी बना) को सुसनेर और राजपाल सिंह को बड़ौद तहसील अध्यक्ष नियुक्त किया गया। साथ ही हरदा और देवास जिलों में भी संगठन को मजबूत किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में जिला अध्यक्ष सतपाल सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।



