सुसनेर की नई SDM देवकुंवर सोलंकी एक्शन मोड में, भ्रष्टाचार व जनसमस्याओं पर सख्त संदेश
पत्रकारों से खुली चर्चा में बोलीं— "फील्ड में उतरकर जनसमस्याओं का करूंगी समाधान, भ्रष्टाचार और लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई"

सुसनेर में नवागत एसडीएम देवकुंवर सोलंकी ने पदभार संभालते ही जनहित के मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के संकेत दिए हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद क्षेत्र के पत्रकारों से पहली औपचारिक मुलाकात में उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, जनसुनवाई और प्रशासनिक पारदर्शिता जैसे अहम विषयों पर खुलकर अपनी कार्ययोजना साझा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यालयीन लंबित कार्यों के निपटारे के बाद वे स्वयं फील्ड में उतरकर विभागों का निरीक्षण करेंगी और आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगी
जनमत जागरण @ सुसनेर। सुसनेर की नवागत एसडीएम देवकुंवर सोलंकी ने पदभार ग्रहण करते ही प्रशासनिक सक्रियता के स्पष्ट संकेत दिए हैं। मंगलवार को एसडीएम कार्यालय में क्षेत्र के पत्रकारों से हुई पहली औपचारिक मुलाकात के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, जनसुनवाई और विकास कार्यों सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्यालयीन लंबित कार्यों के निपटारे के तुरंत बाद वे स्वयं फील्ड में उतरकर विभागों का निरीक्षण करेंगी तथा जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान कराने का प्रयास करेंगी।
“पेंडिंग कार्य पूरे होते ही शुरू होगा फील्ड निरीक्षण”
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए एसडीएम देवकुंवर सोलंकी ने कहा कि उन्होंने अभी-अभी पदभार ग्रहण किया है। फिलहाल लंबित कार्यालयीन कार्यों एवं आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता से पूरा किया जा रहा है। इसके बाद विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण, ग्राम भ्रमण और जनसमस्याओं के निराकरण के लिए नियमित फील्ड विजिट की जाएगी।
डिवीजन स्तर पर भी होगी जनसुनवाई की पहल
एसडीएम ने कहा कि प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद मजबूत किया जाएगा। इसके लिए डिवीजन स्तर पर भी जनसुनवाई शुरू करने की योजना बनाई जाएगी, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासन उनकी प्राथमिकता रहेगा।
स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर पत्रकारों ने उठाए तीखे सवाल
पत्रकारों ने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, कर्मचारियों के वेतन भुगतान में देरी, रोगी कल्याण समिति के कर्मचारियों की सेवा समाप्ति, मरीजों के प्रति स्वास्थ्यकर्मियों के व्यवहार, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति, क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के निर्माण एवं तस्करी, बढ़ते जुआ-सट्टा, आपराधिक गतिविधियों तथा नगर परिषद में प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित अनियमितताओं एवं पात्र हितग्राहियों के वंचित रहने जैसे मुद्दों पर सवाल किए।
इन सभी विषयों पर एसडीएम ने कहा कि प्रत्येक विभाग की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। अस्पतालों के औचक निरीक्षण, थाना स्तर पर समीक्षा बैठकें तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर व्यवस्थाओं में सुधार लाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
“जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता होगी”
एसडीएम देवकुंवर सोलंकी ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन हों या पत्रकारों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दे, सभी का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा। फील्ड स्तर पर भ्रमण कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं, कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुख बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
जनता की उम्मीदें बढ़ीं
सुसनेर क्षेत्र में लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं, नगर परिषद की योजनाओं, अवैध गतिविधियों और जनसुनवाई व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में नई एसडीएम की प्राथमिकताओं और उनके एक्शन प्लान पर आमजन की निगाहें टिकी हुई हैं। पत्रकारों के साथ हुई इस पहली चर्चा ने प्रशासन की आगामी कार्यशैली की एक स्पष्ट झलक भी प्रस्तुत की।
“अनुभाग के नागरिकों द्वारा दिए गए आवेदनों तथा पत्रकार साथियों द्वारा बताए गए जनहित के मुद्दों का फील्ड स्तर पर स्वयं निरीक्षण कर समाधान कराने का प्रयास करूंगी। स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और सभी प्रशासनिक क्षेत्रों में बेहतर कार्य करना मेरी प्राथमिकता रहेगी।”
— देवकुंवर सोलंकी, एसडीएम, सुसनेर



