डेंगू के बारे में सतर्कता और सक्रियता रखें : कोरोना के दोनों टीके लगवाएं
डेंगू के बारे में सतर्कता और सक्रियता रखें : कोरोना के दोनों टीके लगवाएं
मैं परिवार के सदस्य के रूप में अपील करने आया हूँ : मुख्यमंत्री श्री चौहान,डेंगू से जंग-जनता के संग के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किया दवाई का छिड़काव, बांटे पर्चे और लगाए पोस्टर, प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर को वैक्सीनेशन महाअभियान,मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भोपाल के नेहरू नगर से राज्य व्यापी डेंगू महा अभियान का शुभारंभ किया
जनमत जागरण न्यूज @ भोपाल
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मैं मुख्यमंत्री के रूप में नहीं आपके परिवार के सदस्य के रूप में यह आत्मीय अपील करने आया हूँ कि डेंगू के बारे में सतर्कता रखें, बचाव के उपाय अपनाते रहे। कोरोना का शत प्रतिशत वैक्सीनेशन करवाएं। कोरोना की सावधानियों को अपनाना जारी रखें। राज्य सरकार और उसकी एजेंसियां निरंतर सक्रिय हैं। हमने प्रदेश में जैसे कोरोना का नियंत्रण किया है वैसे ही जनता के सहयोग से हम डेंगू को भी हराएंगे। डेंगू हारेगा मध्यप्रदेश जीतेगा।
“जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी”

मुख्यमंत्री श्री चौहान भोपाल के नेहरू नगर से राज्यव्यापी डेंगू महा अभियान का शुभारंभ कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि “डेंगू से जंग-जनता के संग” का अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। हम सभी जगह डेंगू नियंत्रित करने में सफल होंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पलकमति परिसर पहुंचकर डेंगू जागरूकता रथ को हरी झंडी देकर रवाना किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने परिसर में डेंगू नियंत्रण के लिए दवाई का स्प्रे किया, फागिंग मशीन भी उनके द्वारा चलाई गई । मुख्यमंत्री श्री चौहान ने परिसर के लोगों को डेंगू बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। इस आशय के पंपलेट वितरित किए तथा परिसर में पोस्टर भी लगाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नेहरू नगर चौराहे के फाउंटेन पाउंड में डेंगू पैदा करने वाले एडीज मच्छर के लार्वा को नष्ट करने वाली गम्बूसिया मछलियां डाली। चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग पूर्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित थे
“हम तीसरे लहर को रोकने में सफल होंगे”मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अभी हम यह कहने की स्थिति में हैं कि प्रदेश में कोरोना नियंत्रण में है। आज पूरे प्रदेश में केवल 8 पॉजीटिव केस आए हैं। ईश्वर की कृपा और प्रदेशवासियों के सहयोग से हम तीसरी लहर को रोकने में सफल होंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश वासियों से अपील की कि गणेशोत्सव तथा अन्य सामाजिक, धार्मिक कार्यक्रमों में मास्क लगाने तथा कोरोना वायरस की अन्य सावधानियों का पालन करना जारी रखें।
“हाथ जोड़कर प्रार्थना है कि वैक्सीन की दोनों डोज लगवाएं”मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना का टीका लगवाना आवश्यक है। यह जिंदगी का डोज है। भोपाल में दूसरा डोज केवल 40% लोगों को लगा है। अभी भी 60% लोग बाकी हैं। पहला डोज भी 94% लोगों को लोगों लग चुका है, अभी 6% लोग पहले डोज से वंचित हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 18 वर्ष आयु से ऊपर के सभी लोगों से करबद्ध प्रार्थना की कि वे प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीनेशन करवाए।
“डेंगू नियंत्रण के लिए नगर निगम तथा शासकीय एजेंसिया सक्रिय”मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में डेंगू का प्रकोप बढ़ा है। डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों से सतर्कता और सजग रहकर बचा जा सकता है। डेंगू, मच्छर से होता है मच्छर का लार्वा ऐसी जगहों पर पनपता है जहां पानी भरा हो। अतः हमें जलजमाव के बारे में सतर्क रहना है। नगर निगम तथा शासकीय एजेंसियां, सड़कों, गड्ढों आदि में भरे पानी के जमाव को रोकने और लार्वा को नष्ट करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं। नगर निगम, नगरीय निकायों द्वारा फागिंग, दवा छिड़कने, लार्वा खाने वाली मछली डालने जैसे कार्य निरंतर जारी है। प्रदेश में मंदसौर, जबलपुर, इंदौर, रतलाम आदि में डेंगू के अधिक प्रकरण आए हैं पूरे प्रदेश में ही सतर्कता की आवश्यकता है।
“घरों में लार्वा न पनपे अत: पानी जमा न होने दें”

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि घरों में लार्वा न पनपे। कूलर, टंकी आदि में पानी अधिक समय तक जमा ना रहे, इसके बारे में सतर्कता आवश्यक है। इसके साथ ही मच्छरों से बचाव के सभी उपाय करना भी आवश्यक है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेशवासियों से कहा कि हम सब मिलकर एंटी लार्वा गतिविधियां चलाएंगे तो डेंगू नियंत्रण में रहेगा। प्रदेश में मंदसौर, जबलपुर, इंदौर, रतलाम आदि में डेंगू के अधिक प्रकरण आए हैं पूरे प्रदेश में ही सतर्कता की आवश्यकता है।
“हम कोरोना की तीसरी लहर को रोकने में सफल होंगे”मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को प्रदेश में कोरोना वैक्सीनेशन महा अभियान चलाया जाएगा। हमें सितंबर माह के अंत तक प्रदेश के सभी पात्र व्यक्तियों को वैक्सीनेशन का प्रथम डोज और दिसंबर अंत तक वैक्सीनेशन के दोनों डोज लगवाना सुनिश्चित करना है। सभी प्रदेशवासियों के वैक्सीनेशन और कोरोना की सावधानियां बरतने से हम कोरोना की तीसरी लहर को रोकने में सफल होंगे।



