बड़वानी के कलेक्टर मोटरसाइकिल से पहुंचे गांवों में
जनमत जागरण न्यूज @ इंदौर
इंदौर संभाग के बड़वानी में कलेक्टर श्री शिवराज सिंह वर्मा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री ऋतुराज सिंह ने मोटरसाइकिल से जिले के दुर्गम क्षेत्र के ग्राम भुरवानी पहुंच कर ग्रामीणों को वैक्सीनेशन एवं मुंह पर मास्क लगाने से होने वाले लाभों से अवगत करवाया। साथ ही अपने समक्ष लोगों को वैक्सीनेशन करवा कर ग्राम को सबसे पहले शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन करवाने वाला ग्राम बनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया। अधिकारियों की इस पहल पर ग्रामीणों ने भी आश्वस्त किया कि वे अपने ग्राम में शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन करवाने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।
कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम टापर, सिवनी का भी दौरा कर खेत, खलिहानों में कार्य कर रहे ग्रामीणों को वैक्सीनेशन का महत्व बताते हुए उन्हे ड्यू अपना वैक्सीनेशन जल्दी से जल्दी कराने हेतु प्रोत्साहित किया। साथ ही मौके पर उपस्थित जनपद पंचायत पाटी के सीईओ श्री अफसार खांन एवं खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेन्द्र वास्कले को निर्देशित किया कि नियमित केन्द्रों के अतिरिक्त संचालित मोबाईल वैन को ओर सक्रिय किया जाये। जिससे खेत खलिहानों में कार्य करने वाले एवं देर शाम को घर लौटने वाले लोगों का भी शतप्रतिशत वैक्सीनेशन हो सके।



