शतप्रतिशत टीकाकरण के लिए 16 दिसम्बर 2021 को विशेष महाअभियान
जनमत जागरण न्यूज़ @ शाजापुर
शाजापुर जिले में 16 दिसम्बर 2021 को कोविड-19 टीकाकरण के लिए विशेष महाअभियान चलाया जायेगा। इस महाअभियान में 18 वर्ष से अधिक उम्र के ऐसे लोगों को जिन्हें अब तक द्वितीय डोज नहीं लगा है, उनका वैक्सीनेशन किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि जिले में लगभग 40 हजार ऐसे लोग हैं जिन्हें प्रथम डोज लग चुका है और द्वितीय डोज लगाया जाना शेष है।
कलेक्टर श्री दिनेश जैन ने इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व), समस्त जोनल अधिकारियों, तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देश दिये हैं कि वे इस महा अभियान में कोरोना वैक्सीन के द्वितीय डोज से बचे हुए लोगों का घर जाकर पता लगवाएं और उनका टीकाकरण करें। यह अभियान 16 दिसंबर को प्रात: 8.00 बजे से शुरू कर रात्रि 8.00 बजे तक समाप्त करें। ग्राम पंचायत के सचिव एवं रोजगार सहायक एक दिन पूर्व वैक्सीनेशन के द्वितीय डोज से वंचित लोगों का पता लगाएं और उन्हें महाअभियान के दिन टीका लगवाएं। साथ ही ग्राम पंचायत महाअभियान के पश्चात ग्राम में शतप्रतिशत टीकाकरण होने का प्रमाण पत्र भी जारी करें। समस्त कार्यालय प्रमुख स्वयं एवं अपने अधिनस्थ स्टाफ से उनका एवं उनके परिवार का टीकाकरण होने का प्रमाण पत्र प्राप्त करें। कलेक्टर ने जिला स्तरीय, खण्ड स्तरीय, ग्राम स्तरीय एवं नगरों के वार्ड स्तरीय संकट प्रबंधन समूहों के सदस्यों से अनुरोध किया है कि वे भी इस महाअभियान में शतप्रतिशत वैक्सीनेशन के लिए सहयोग करें। समस्त अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सभी राजस्व निरीक्षकों एवं पटवारियों को सक्रिय कर द्वितीय डोज लगाने से शेष रहे लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करें। नगरीय क्षेत्र शाजापुर एवं शुजालपुर में 2-2 एवं अन्य नगरीय क्षेत्रों में एक-एक स्थान चिंहित कर राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से बेरियर लगाकर आने-जाने वाले वाहनों को रोककर उनके वैक्सीनेशन की जानकारी लें। जिला स्तर के जोनल अधिकारी आवंटित ग्राम पंचायतों एवं ग्रामों का भ्रमण कर लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करते हुए ग्राम पंचायत को शतप्रतिशत टीकाकरण युक्त कराएं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला टीकाकरण अधिकारी पर्याप्त संख्या में दलों का गठन कर प्रात: 8.00 बजे से रात्रि 8.00 बजे तक टीकाकरण का कार्य संपन्न कराएं। जिला आपूर्ति अधिकारी सुनिश्चित करें कि राशन की दुकानों पर राशन लेने आने वाले लोगों को कोविड-19 वैक्सीन का द्वितीय डोज लग चुका है, इस आशय का प्रमाण पत्र दिखाने के बाद ही राशन प्रदान करवाएं।
इस संबंध में आज मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. निदारिया ने समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारी/कर्मचारियों की बैठक लेकर उन्हें शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने हेतु रणनीति तैयार कर आवश्यक निर्देश दिये।



