झालावाड़देशराजस्थान

मानव श्रृंखला से बनाया ‘‘वोट फोर झालावाड़’’ का लोगो

चारों विधानसभा क्षेत्रों को आवंटित की गई ईवीएम व वीवीपेट ,पांचवे दिन 4 उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन पत्र,मांडना बनाकर आमजन को मतदान के लिए किया प्रेरित

जनमत जागरण @ झालावाड़ ब्यूरो

  • विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आमजन को मतदान दिवस 25 नवम्बर, 2023 को आवश्यक रूप से मतदान देने हेतु प्रेरित करने के लिए स्वीप अभियान के तहत शुक्रवार को राजकीय खेल संकुल झालावाड़ में मानव श्रृंखला के माध्यम से ‘‘वोट फोर झालावाड़’’ का लोगो बनाया गया।इस अवसर पर उपस्थित प्रशिक्षु आईएएस शुभम भैसारे ने लोकतंत्र में मतदान के महत्व को बताते हुए उपस्थित लोगों से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। वहीं जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप प्रभारी नरेन्द्र सिंह पुरोहित ने भी आगामी दिनों में आयोजित की जाने वाली स्वीप गतिविधियों में अधिक से अधिक लोगों द्वारा अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर आमजन को मतदान के लिए प्रेरित करने की बात कही। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हरिशंकर शर्मा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी हेमराज पारेता, स्वीप सह प्रभारी जीतमल नागर, 67वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागी, निर्णायक मंडल एवं शिक्षा विभाग के सभी कार्मिक उपस्थित रहे।

चारों विधानसभा क्षेत्रों को आवंटित की गई ईवीएम व वीवीपेट

विधानसभा चुनाव 2023 के तहत ईवीएम व वीवीपेट मशीनों के प्रथम रेण्डमाइजेशन के पश्चात् शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) आलोक रंजन की उपस्थिति में ईवीएम व वीवीपेट का विधानसभावार संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को भौतिक आवंटन ईवीएम वेयरहाउस से किया गया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलक्टर) नरेश कुमार मालव, चारों विधानसभा क्षेत्रों के सहायक रिटर्निंग अधिकारी सहित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

पांचवे दिन 4 उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन पत्र

विधानसभा चुनाव 2023 के लिए झालावाड़ जिले में नामांकन प्रक्रिया के पांचवे दिन शुक्रवार को 4 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलक्टर) नरेश कुमार मालव ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र डग से कालूराम व रामचन्द्र सुनारीवाल द्वारा भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया गया है।वहीं विधानसभा क्षेत्र मनोहरथाना से गोविन्द प्रसाद ने भारतीय जनता पार्टी एवं विधानसभा क्षेत्र खानपुर से सुरेश गुर्जर ने इण्डियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। विधानसभा क्षेत्र झालरापाटन से कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया।

मतदान के लिए आमजन से भरवाए संकल्प पत्र ,रंगोली के माध्यम से मतदान के लिए आमजन को किया जागरूक

विधानसभा चुनाव 2023 के मद्देनजर आमजन को मतदान हेतु जागरूक करने के उद्देश्य से स्वीप अभियान के तहत शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों ब्लॉक बकानी व मनोहरथाना एवं पंचायत समिति भवानीमण्डी के आंगनबाड़ी केन्द्रों में निर्वाचन संबंधी रंगोली बनाई गई। साथ ही उपस्थित महिलाओं से मतदान करने हेतु संकल्प पत्र भरवाए गए। इस दौरान आमजन को वोटर हैल्पलाइन एप्प, सी-विजिल एप्प, सक्षम एप्प, केवाईसी एप्प की जानकारी भी दी गई तथा एप्स को मोबाइल में डाउनलोड करने की अपील की गई।

मांडना बनाकर आमजन को मतदान के लिए किया प्रेरित

विधानसभा चुनाव 2023 के मद्देनजर मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से आमजन को मतदान हेतु प्रेरित करने के लिए स्वीप अभियान के तहत शुक्रवार को नगर पालिका क्षेत्र भवानीमण्डी के वार्ड 22, 23 व 24 में मांडन बनाकर आमजन को मतदान की महत्ता की जानकारी दी गई। इस दौरान वोटर हैल्पलाइन एप्प, सी-विजिल एप्प, सक्षम एप्प, केवाईसी एप्प की जानकारी भी दी गई तथा एप्स को मोबाइल में डाउनलोड करने की अपील की गई।

कम मतदान प्रतिशत वाले बूथ क्षेत्र में आमजन को मतदान हेतु किया जागरूक

विधानसभा चुनाव के तहत कम मतदान प्रतिशत वाले बूथ क्षेत्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा स्वीप अभियान के तहत शुक्रवार को विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर आमजन को मतदान हेतु जागरूक किया गया। जिसमें पंचायत समिति भवानीमण्डी में आर्कषक रंगोली बनाई गई। वहीं पंचायत समिति क्षेत्र में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई एवं एवं आमजन को मतदाता शपथ दिलाई गई।

चौपाल लगाकर आमजन को मतदान की महत्ता की दी जानकारी

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आमजन को अपने मताधिकार का प्रयोग करने हेतु जागरूक करने के लिए पंचायत समिति डग की ग्राम पंचायत रावनगुराड़ी के टोकड़ा क्षेत्र में शुक्रवार को घुमंतु समुदाय के डेरे पर गांव के बीच चौपाल लगाकर समुदाय के लोगों को मतदान की महत्ता की जानकारी देते हुए 25 नवम्बर को मतदान करने की अपील की गई। इस दौरान उक्त समुदाय के बच्चों द्वारा मतदाता जागरूकता नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। साथ ही सभी लोगों को मतदाता शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान विकास अधिकारी भानुमोली मौर्य, थानाधिकारी उन्हैल महेन्द्र यादव सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!