झालावाड़देशराजस्थान

निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से विधानसभा चुनाव सम्पन्नकराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा की जा रही सम्पूर्ण तैयारियां- जिला निर्वाचन अधिकारी

जनमत जागरण @ झालावाड़ ब्यूरो

विधानसभा चुनाव 2023 के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) आलोक रंजन की अध्यक्षता में गुरूवार को प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ चुनाव की तैयारियों की जानकारी के संबंध में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।प्रेस वार्ता के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सम्पूर्ण तैयारियां सुनिश्चित कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव 2023 में कई नवाचार किए गए हैं जिसके तहत होम वोटिंग का कार्य जारी है। साथ ही राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय के विद्यार्थियों की सहायता से होम वोटिंग के कार्य की रियल टाइम मॉनिटरिंग हेतु एक एप्प भी बनाई गई है।इसके अतिरिक्त मतदान दलों की रवानगी के दिन उनके बैठने की व्यवस्था, अल्पाहार, परिवहन एवं मतदान केन्द्रों पर सभी आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने बताया कि मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए पानी, शौचालय, छाया एवं बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक मॉडल मतदान केन्द्र भी बनाया जा रहा है जहां आर्कषक सजावट, हरियाली एवं प्रसिद्ध स्थलों के फ्लेक्स लगाने के साथ-साथ प्रत्येक मतदाता के लिए बैठने हेतु उचित व्यवस्था भी होगी।इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरेश कुमार मालव ने चुनाव संबंधी विभिन्न जानकारियां उपलब्ध कराते हुए बताया कि जिले में कुल 1136 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं जिनमें 1131 मुख्य एवं 5 सहायक मतदान केन्द्र हैं। जिन पर जिले के कुल 10 लाख 75 हजार 982 मतदाता अपना वोट डालेंगे। उन्होंने बताया कि चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 23 प्रत्याशी हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रत्याशी की खर्च सीमा 40 लाख तय की गई है। प्रत्याशियों द्वारा किए जा रहे चुनावी खर्चों पर नियमित रूप से एफएसटी, एसएसटी एवं वीएसटी टीमों द्वारा निगरानी रखी जा रही है।प्रेस वार्ता के दौरान स्वीप प्रभारी एवं जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेन्द्र सिंह पुरोहित ने बताया कि जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों से होम वोटिंग के लिए कुल 1456 आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे। 14 नवम्बर से होम वोटिंग का कार्य जारी है। इसके अतिरिक्त मतदान दलों के कार्मिकों एवं आवश्यक सेवाओं के कार्मिकों के लिए भी पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करने की व्यवस्था की गई है।

सतरंगी सप्ताह के पोस्टर का किया विमोचन

विधानसभा चुनाव 2023 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में स्वीप अभियान के तहत 16 से 22 नवम्बर तक सतरंगी सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है जिसके पोस्टर का विमोचन गुरूवार को किया गया। स्वीप प्रभारी ने बताया कि विभिन्न वर्गों के मतदाताओं को जागरूक करने के लिए सतरंगी सप्ताह के तहत सातों दिन अलग-अलग कलर थीम व नारों पर आधारित विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इस दौरान स्वीप सहप्रभारी जीतमल नागर, डाक मतपत्र प्रकोष्ठ सह प्रभारी के.एम. वर्मा सहित प्रिन्ट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!