विश्व ए्डस दिवस पर आयोजित हुआ कार्यक्रम ,बीमारी से बचाव को लेकर लोगों को किया सचेत
जनमत जागरण @ झालावाड़ : शुक्रवार को विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य में एस.आर.जी. चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज के जिला क्षय रोग केन्द्र, झालावाड़ में विश्व एड्स दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एम.सैयद रहे एवं अध्यक्षता उप नियंत्रक एस.आर.जी. चिकित्सालय डॉ. प्रतिभा मीणा ने की।कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि एच.आई.वी. एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं इस बीमारी से बचाव को लेकर लोगों को सचेत करने के उद्देश्य से यह दिवस मनाया जाता है। इस बीमारी से एच.आई.वी. लोगों में प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर हो जाती है एवं एच.आई.वी. वायरस शरीर के संक्रमण और बीमारी से लड़ने की क्षमता को कमजोर कर देता है जिसके कारण इन मरीजों में अन्य बीमारी होने का खतरा ज्यादा होता है।इस दौरान एस.आर.जी. चिकित्सालय की उप नियंत्रक डॉ. प्रतिभा मीणा ने बताया कि बुखार आना, सिर दर्द होना, मांस पेशियों एवं जोड़ो में दर्द होना, वजन का घटना, टी.बी. संक्रमित बीमारी हो जाना आदि इस रोग के लक्षण है।इस दौरान डॉ. अतुल विजय ने बताया कि यौन संचारित संक्रमण (एस.टी.आई.) द्वारा भी एच.आई.वी. एड्स फैल सकता है। साथ ही संक्रमित रक्त के चढ़ाने से संक्रमित व्यक्ति को लगे इंजेक्शन के उपयोग से दूसरे व्यक्ति मे फैल सकता है। इसके अतिरिक्त गर्भावस्था, प्रसव के दौरान माँ से बच्चे में भी होने एचआईवी होने का खतरा हो सकता है। इस दौरान डॉ. सुनिल विजय ने बताया कि कई परिस्थितियों में एच.आई.वी. एड्स होने पर प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण टी.बी. होने का खतरा बना रहता है।कार्यक्रम के दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अदीब अंसारी ने एच.आई.वी मरीज की समय पर टी.बी. जाँच करवाने एवं इलाज शुरू करवाने के बारे में जानकारी दी। साथ ही एच.आई.वी. मरीज से किसी तरह का भेदभाव न करने की सलाह दी। कार्यक्रम के अन्त में डॉ. एस.पी. धाकड़ ने सभी पधारे हुए अतिथियों का धन्यवाद अर्पित किया। कार्यक्रम का संचालन आई.सी.टी.सी. काउंसलर राजेन्द्र कुमार शर्मा द्वारा किया गया।



