देशआगर मालवामध्यप्रदेश
संभागायुक्त ने जिले की प्रशंसा, स्वच्छता में प्रदेश में तीसरे स्थान पर आगर जिला

कृषकों को कपिल धारा कूप के साथ रिचार्ज पीट का निर्माण करने हेतु प्रेरित करें संभागायुक्त डॉ. गोयल , शिवगढ़ गौशाला का भी किया निरीक्षण, स्व सहायता समूह की प्रदर्शनी का भी किया अवलोकन
जनमत जागरण @ आगर-मालवा ब्यूरो : जिले के कृषकों को कपिल धारा कूप के साथ रिचार्ज पीट का निर्माण करने हेतु प्रेरित करें तथा रिचार्ज पीट का निर्माण करने वाले कृषकों को सम्मानित भी करें, यह निर्देश संभागायुक्त डॉ. संजय गोयल ने सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष आगर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग योजनाओं की बैठक लेकर दिए। संभागायुक्त डॉ. गोयल ने आगर-मालवा जिला एक दिन, एक घण्टा, एक साथ स्वच्छता श्रमदान में प्रदेश में तीसरे पायदान पर होने पर सराहना की । बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर ने पावर प्वाईंंट प्रजेंटेंशन के माध्यम से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं एवं प्रगति की जानकारी दी। जिसमें बताया कि जिले में अमृत सरोवर योजना अंतर्गत 92 अमृत सरोवर का निर्माण हो चुका है, जिनमें पानी संग्रहण का कार्य भी इस वर्ष से होने लगा। गौ-शाला निर्माण एवं संचालन तथा मनरेगा के तहत् प्रचलित कार्यां की जानकारी दी। बैठक में बताया कि जिले में स्व-सहायता समूह की महिला सदस्य गेहूं उपार्जन,टोल संचालन, बीज उत्पादन, बैंक सखी, गैस सिलेंडर वितरण के लिए सब एजेन्सी ,राशन वितरण का कार्य कर आत्मनिर्भर बन रही है। संभागायुक्त ने स्व-सहायता समूह के कार्यां की प्रशंसा की तथा निर्देश दिए कि स्व-सहायता समूहों को अधिक से अधिक बैंक लिंकेज करवाएं जाए, जिससे कि वे बैंकों के ऋण से अपने कार्यां को और भी बेहतर ढंग से कर देश एवं प्रदेश स्तर पर अपनी एक अलग पहचान स्थापित कर सकें। संभागायुक्त डॉ. गोयल ने स्वच्छ भारत मिशन, स्वच्छता ही सर्वेक्षण की समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि स्वच्छता के लिए ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों का भी सहयोग लें। उन्होंने कहा कि अच्छा कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी को सम्मानित भी किया जाए। बैठक में कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, एसपी विनोद कुमार सिंह, संयुक्त आयुक्त (विकास) बीएस मंडलोई, एडीएम आरपी वर्मा, एडीसनल सीईओ जितेन्द्र सिंह सेंगर सहित ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त उज्जैन डॉ. गोयल ने गौशाला शिवगढ़ का किया निरीक्षण: संभागायुक्त उज्जैन डॉ. संजय गोयल ने सोमवार को ग्राम पंचायत शिवगढ़ में मनरेगा योजना में निर्मित गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला परिसर का भ्रमण कर गायों के लिए की गई, व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक निर्देश दिए। विदित हो कि उक्त गौशाला में 128 गौवंश का भरण पोषण किया जा रहा है, जिनका समय-समय पर स्वास्थ परिक्षण पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा किया जाता है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर आरपी वर्मा, परियोजना अधिकारी, मनरेगा मनीष सिंह तंवर, परियोजना अधिकारी पीएम पोषण उपस्थित रहे।

संभागायुक्त ने शा. कन्या माध्यमिक विद्यालय कानड़ का किया निरीक्षण : संभागायुक्त ने आज शासकीय उच्चतर कन्या माध्यमिक विद्यालय कानड़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डॉ. गोयल ने मध्याह्न भोजन, वाचनालय की जानकारी ली तथा कक्षाओं में जाकर बच्चों से पढ़ाई के बारे में फीडबैक लिया। डॉ. गोयल ने छात्रों की कम उपस्थिति को लेकर स्कूल प्राचार्य से जानकारी ली तथा बच्चों को नियमित स्कूल आने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल की व्यवस्था देखकर संभागायुक्त डॉ. गोयल ने खुशी जाहिर की, वहीं स्कूल परिसर में पौधा-रोपण किया। इस अवसर पर कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर आरपी वर्मा व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
स्व सहायता समूह की प्रदर्शनी का भी किया अवलोकन : संभागायुक्त उज्जैन डॉ. संजय गोयल ने जिले के भ्रमण के दौरान जिला पंचायत आगर में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा स्व-निर्मित उत्पादों की लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। डॉ. गोयल ने स्व-सहायता समूह के सदस्यों से उत्पादों के निर्माण, बाजार एवं विक्रय से होने वाली आय के बारे में जानकारी ली तथा समूह के कार्यों को सराहा ।




