आजादी का अमृत महोत्सव : ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित हो रही विभिन्न गतिविधियां

जनमत जागरण @ झालावाड़ :: आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिले में ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान का आयोजन किया जा रहा है जिसके तहत 13 से 15 अगस्त तक सभी घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों में झण्डा फहराया जाएगा एवं इस अभियान के तहत जिले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।‘‘हर घर तिरंगा‘‘ अभियान के जिला नोडल अधिकारी एवं जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भुदयाल मीणा ने बताया कि उक्त अभियान के तहत जिले में जिला मुख्यालय सहित ब्लॉक स्तर पर समस्त राजकीय एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, मनरेगा कार्यस्थलों, नगरीय निकाय क्षेत्रों सहित अन्य स्थानों पर तिरंगे की थीम पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि 11 अगस्त को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया जाएगा। जिसमें कार, बाइक, साईकिल तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रेक्टरों के माध्यम से तिरंगा वाहन रैली निकाली जाएगी। इसी दिन नशा मुक्ति अभियान का भी आयोजन किया जाएगा। वहीं 12 अगस्त को राजकीय विद्यालयों में तिरंगा कैनवास (चित्रकला) प्रतियोगिता, तिरंगा हस्ताक्षर अभियान, तिरंगा प्रतिज्ञा, नशा मुक्ति अभियान, तिरंगा रैली तथा तिरंगा सैल्फी जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन प्रातः 7 बजे राजकीय विजयाराजे सिंधिया खेल संकुल से मिनी सचिवालय तक तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा।उक्त अभियान के तहत 13 अगस्त को शिला फलकम पर ध्वजारोहण तथा तिरंगा ट्रिब्यूट कार्यक्रम नगर परिषद् झालावाड़, समस्त नगर पालिकाओं सहित प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं पंचायत समिति स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। वहीं 14 अगस्त को तिरंगा कॉन्सर्ट व तिरंगा मेलों का आयोजन किया जाएगा। जिनमें तिरंगे की थीम पर सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन के साथ फूड स्टॉल, तिरंगा स्टॉल, सैल्फी प्वॉइंट व दुकानें लगाई जाएंगी।

🟠 सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों में फहराया :: तिरंगा ‘‘हर घर तिरंगा‘‘ अभियान के तहत शनिवार को जिले के सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति का परिचय देते हुए उक्त अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रतिज्ञा लेते हुए तिरंगा झण्डा फहराया गया।

🟠तिरंगा रैली का हुआ आयोजन :: उक्त अभियान के तहत जिले के सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों के संयुक्त तत्वावधान में छात्र-छात्राओं द्वारा तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाते हुए तथा ढोल-बाजों के साथ रैली में चल रहे थे। तिरंगा रैली से जिले के प्रत्येक गांव व ढाणी में राष्ट्रप्रेम व देशभक्ति का माहौल बन गया। इस दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मनोहरथाना द्वारा कस्बे के करीब 18 राजकीय व निजी विद्यालयों के साथ छात्र-छात्राओं की कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए तिरंगा रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आमजन को 13 से 15 अगस्त तक उनके घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया।

🟠 मनरेगा कार्य स्थलों पर फहराया तिरंगा :: ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में मनरेगा कार्यस्थलों पर श्रमिकों को ‘‘हर घर तिरंगा‘‘ फहराने की प्रतिज्ञा दिलाई गई। साथ ही श्रमिकों द्वारा कार्यस्थल पर तिरंगा फहराया गया।



