IMG-20260815-WA0013
previous arrow
next arrow
आस्थाआगर मालवादेशमध्यप्रदेशस्पाट लाइट

महावीर जयंती पर पिपलोंनकलां में निकली भव्य शोभायात्रा, जैन समाज के जयघोषों से गूंजा गांव


जयकारों से गुंजा पिपलोंनकलां – महावीर जयंती पर निकला भव्य चल समारोह
दिगंबर–श्वेतांबर समाज ने मिलकर निकाली भगवान महावीर की शोभायात्रा, उमड़ा जनसैलाब

जनमत जागरण @ पिपलोंनकलां से संदीप जैन की लाइव रिपोर्ट । ग्राम की गलियों में जब “त्रिशलानंदन वीर की जय” और “बोलो महावीर भगवान की जय” के स्वर गूंजे, तो मानो पूरा वातावरण दिव्य बन गया। महावीर जयंती के पावन अवसर पर गुरुवार को पिपलोंनकलां सहित पूरे आगर जिले में जैन समाज के श्रद्धा और उत्साह की अनुपम छटा देखने को मिली।

यह आयोजन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, अपितु जैन संस्कृति के गौरव का सामूहिक उत्सव था। प्राचीन श्री 1008 महावीर दिगंबर जैन मंदिर से शुरू हुए इस आयोजन में पिपलोंनकलां के साथ-साथ आगर, कानड़, नलखेड़ा, सुसनेर, पिड़ावा, उज्जैन, तनोडिया आदि क्षेत्रों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। नित्य नियम से अभिषेक, शांतिधारा और पूजन के उपरांत, तपोभूमि प्रणेता आचार्य श्री 108 प्रज्ञासागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में अहिंसा के अवतार भगवान महावीर की जन्मकल्याणक शोभायात्रा निकाली गई।

तेज गर्मी के बावजूद दिगंबर और श्वेतांबर दोनों समाजों के स्त्री-पुरुष, युवक-युवतियां भारी संख्या में चल समारोह में सम्मिलित हुए। भगवान महावीर आकर्षक पालकी में विराजित थे, जिसे समाजजन श्रद्धा से कंधे पर उठाए जयघोष करते आगे बढ़ रहे थे। शोभायात्रा में बैंड-बाजों की मधुर ध्वनि पर युवाओं ने जैन भजनों पर उल्लासपूर्वक नृत्य किया। गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए यह चल समारोह मंदिर पहुंचा, जहां भगवान श्रीजी का भव्य अभिषेक किया गया।

यह आयोजन जहां एक ओर धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, वहीं दूसरी ओर समाज की एकता, संस्कृति और सद्भाव का भी सजीव उदाहरण बन गया।

Related Articles