“आगर मालवा: विश्व हिंदू परिषद की जिला बैठक में संगठन विस्तार और अखंड भारत कार्यक्रम की रणनीति तय”

आगर मालवा (कानड़)
विश्व हिंदू परिषद की जिला बैठक रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर, कानड़ में उत्साह और अनुशासन के माहौल में सम्पन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विहिप स्थापना दिवस एवं अखंड भारत दिवस कार्यक्रमों की तैयारी के साथ-साथ संगठन विस्तार की रूपरेखा तय करना था।
बैठक की शुरुआत अतिथियों द्वारा राम दरबार के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मंचासीन अतिथियों में विभाग मंत्री विष्णु पाटीदार, जिला अध्यक्ष किशोर बैरागी, और जिला मंत्री जितेंद्र सिंह राठौड़ प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
जिला मंत्री राठौड़ ने बैठक में संगठनात्मक व्रत का संकल्प दिलाया। विभाग मंत्री विष्णु पाटीदार ने संबोधन में कहा कि संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी को प्रांत द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपने-अपने प्रखंड में संगठन विस्तार करना चाहिए और जिले की सभी 393 समितियों में स्थापना दिवस एवं अखंड भारत दिवस का भव्य आयोजन सुनिश्चित करना चाहिए।

बैठक में गौ रक्षा प्रमुख के रूप में राहुल माली, नैतिक शिक्षा प्रमुख के रूप में मुकेश पाटीदार तथा संस्कृत विभाग जिला प्रमुख के रूप में मनीष शर्मा की घोषणा भी की गई।
इस अवसर पर आगर, तनोडिया, बड़ोद, सुसनेर, सोयत, नलखेड़ा और कानड़ प्रखंडों के जिम्मेदार पदाधिकारी उपस्थित रहे।
विशेष रूप से प्रांत विद्यार्थी प्रमुख निहारिका दीदी ठाकुर, विहिप जिला उपाध्यक्ष नीलम शर्मा, नैतिक शिक्षा विभाग के दुर्गा मातृ पालक विनोद कौशल, बजरंग दल विभाग सहसंयोजक रवि चौहान, बजरंग दल जिला संयोजक अनिल कावल, तथा दुर्गावाहिनी सहसंयोजिका जागृति दीदी कुम्भकार ने अपनी उपस्थिति से बैठक को गरिमा प्रदान की।
बैठक का संचालन जिला सहमंत्री चंद्रशेखर विश्वकर्मा ने किया। बैठक के उपरांत मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी की बहनों ने विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के अटूट बंधन और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया।
उक्त जानकारी कानड़ प्रखंड मंत्री विजय राठौर द्वारा दी गई।



