संघ के 100 वर्ष आज का संदेश: हिन्दू एकजुट होंगे तो षड्यंत्र विफल होंगे — मोड़ी-ननोरा सम्मेलन से संदेश संगठित हिन्दू, सुरक्षित राष्ट्र

संघ के 100 वर्ष: अनुभव से निकला संदेश — अब एकजुट होने का समय
जनमत जागरण @ सुसनेर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर रविवार को सुसनेर खण्ड के मोड़ी और ननोरा मण्डल में विशाल हिन्दू सम्मेलन आयोजित किए गए। सम्मेलनों में आसपास के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में समाजबंधु शामिल हुए। मंच से वक्ताओं और अतिथियों ने हिन्दू समाज को संगठित रहने का आह्वान करते हुए एकजुटता का मंत्र दिया।

मोड़ी मण्डल में आयोजित सम्मेलन में हिन्दू सम्मेलन के खण्ड संरक्षक पवन शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने संघ की 100 वर्षों की यात्रा, उसके संघर्ष और समाज निर्माण में योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर बैजनाथ मंदिर के पुजारी मुकेश पूरी तथा सामाजिक कार्यकर्ता प्रीति फाफरिया अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।
वहीं ननोरा मण्डल में आयोजित सम्मेलन में संघ के विभाग शारीरिक प्रमुख महेंद्र जी जोधा मुख्य वक्ता रहे। कार्यक्रम में संत श्री मानगिरी महाराज एवं रंजना जी शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने संघ की शताब्दी यात्रा के साथ-साथ सामाजिक समरसता और हिन्दू एकता के महत्व पर विचार रखे।
सम्मेलनों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश और समाज विरोधी विचारों को पहचानना आवश्यक है तथा ऐसे तत्वों के प्रति समाज को सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश और विश्व स्तर पर हिन्दू समाज के अस्तित्व को कमजोर करने के प्रयास हो रहे हैं, जिनका सामना केवल संगठित समाज ही कर सकता है।

▪️ कार्यक्रम में पंच परिवर्तन—कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक शिष्टाचार—को अपनाने का आह्वान किया गया। मंच से आह्वान पर उपस्थित समाजजनों ने पंच परिवर्तन को जीवन में उतारने का संकल्प लिया।
सुसनेर से हमारे संवाददाता दीपक जैन की रिपोर्ट



