365 पर्व – 365 प्रेरणाएँआगर मालवामध्यप्रदेश

आज के विवेकानंद..वही युवा हैं जो बेधड़क राष्ट्रकार्य में उतरते हैं — सुसनेर में विवेकानंद संदेश यात्रा

“उठो, जागो और राष्ट्र के लिए चल पड़ो” — सुसनेर में विवेकानंद संदेश यात्रा से गूंजा युवाओं का स्वर


जनमत जागरण @ सुसनेर।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नगर इकाई सुसनेर द्वारा 12 जनवरी – स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर “विवेकानंद संदेश यात्रा” का भव्य, अनुशासित एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर शिक्षकगण, अभिभावक एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
स्वामी विवेकानंद के राष्ट्र जागरणकारी विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से नगर में भव्य संदेश यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, चरित्र निर्माण, आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्र प्रथम जैसे मूल्यों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।


यात्रा की विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा धारण किए गए महापुरुषों के वेश रहे। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद, भारत माता, रानी लक्ष्मीबाई, रानी अबक्का, रानी दुर्गावती, भगत सिंह सहित अन्य राष्ट्रनायकों के स्वरूप में सहभागिता कर युवाओं के आदर्शों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया, जिसने नगरवासियों को विशेष रूप से प्रभावित किया।
यात्रा के दौरान
“उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत”,
“युवाशक्ति से राष्ट्रशक्ति”,
“राष्ट्र प्रथम”
जैसे ओजस्वी नारों से संपूर्ण नगर राष्ट्रभक्ति के वातावरण से ओतप्रोत हो उठा।


🚩 युवा राष्ट्र निर्माण के वाहक हैं : तिलक जोशी


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रांत SFS संयोजक तिलक जोशी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि
“अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता सीधी और सच्ची राह पर बेधड़क चलते हुए राष्ट्र और समाज के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य करते हैं।”
उन्होंने स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं से राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और चरित्रवान जीवन के लिए आगे आने का आह्वान किया।
मंचीय उपस्थिति कार्यक्रम में एबीवीपी के पूर्व जिला संयोजक अभिजीत बजाज, नगर अध्यक्ष प्रतीक राठौर,
नगर मंत्री चेतन शर्मा , विशेष रूप से मंचासीन रहे। वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन, उनके ओजस्वी विचारों तथा वर्तमान समय में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।


कार्यक्रम का संचालन जिला SFS टोली सदस्य हनु सोनी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नगर मंत्री चेतन शर्मा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला संयोजक हुसैन दरबार, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य गोविंद पाटीदार, उमा सिसोदिया सहित एबीवीपी के अनेक कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह बौद्धिक, सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, कर्तव्यबोध, राष्ट्रसेवा और नेतृत्व क्षमता को सशक्त करने वाला सिद्ध हुआ।

Related Articles

error: Content is protected !!