IMG-20260815-WA0013
previous arrow
next arrow
आगर मालवाखेल-संसारमध्यप्रदेश

भारत बना टी-20 विश्व विजेता, सुसनेर में सड़कों पर उमड़ा जश्न का सैलाब

सुसनेर में गूंजा भारत माता का जयघोष, टी-20 विश्व कप जीत पर सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब

सुसनेर। भारतीय क्रिकेट टीम द्वारा टी-20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर विश्व विजेता बनने के साथ ही जिले शहर आगर , सुसनेर , नलखेड़ा, सोयतकलां शहर में उत्साह और देशभक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। जैसे ही मैच का अंतिम ओवर समाप्त हुआ, शहर के क्रिकेट प्रेमी अपने घरों से बाहर निकल आए और सड़कों पर जश्न का सिलसिला शुरू हो गया।

मुख्य मार्गों पर निकला विजय जुलूस

शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। तिरंगा हाथों में लेकर युवाओं ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष लगाए, जिससे पूरा शहर देशभक्ति के नारों से गुंजायमान हो उठा। जीत की खुशी में लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी, गले मिलकर मिठाइयाँ बांटी और रंग-गुलाल उड़ाकर इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया।

ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरके युवा

नगर के कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई दी। युवाओं ने तिरंगा लहराते हुए ढोल की थाप पर नृत्य किया और आतिशबाजी कर जीत का उत्सव मनाया। क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि भारतीय खिलाड़ियों ने जिस जज्बे और आत्मविश्वास के साथ फाइनल मुकाबला खेला, उससे पूरे देश का सिर गर्व से ऊँचा हो गया है।

एलईडी स्क्रीन पर देखा गया फाइनल मुकाबला

हाथी दरवाजा क्षेत्र में भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. सौरभ जैन के द्वारा बड़ी एलईडी स्क्रीन पर फाइनल मुकाबले का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्र होकर मैच का रोमांचक आनंद लिया और भारत की जीत पर जोरदार उत्सव मनाया।

इसी प्रकार डाक बंगला क्षेत्र में राणा लवराज सिंह के सेमलखेड़ी हाउस पर भी बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच का प्रसारण किया गया, जहां क्रिकेट प्रेमियों ने एक साथ बैठकर मुकाबला देखा और जीत के बाद जोरदार जश्न मनाया।

भारत की इस ऐतिहासिक जीत ने सुसनेर में क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह को नई ऊंचाई दी और देर रात तक शहर में विजय के जयघोष गूंजते रहे।

Related Articles