आगर मालवाब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेशहेल्थ

मिथ्याछाप आइसक्रीम और हल्दी पाउडर मामले में कोर्ट सख्त, 6 फर्म संचालकों पर एक-एक लाख का जुर्माना


बिना लाइसेंस और मिथ्याछाप खाद्य पदार्थों का कारोबार पड़ा महंगा

आइसक्रीम और हल्दी पाउडर मामले में 6 फर्म संचालकों पर एक-एक लाख रुपए का जुर्माना

जनमत जागरण @आगर, 11 मार्च 2026।
जिले में बिना खाद्य लाइसेंस के कारोबार करने और मिथ्याछाप (Misbranded) खाद्य पदार्थ बेचने के मामलों में न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए छह फर्म संचालकों पर एक-एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। न्याय निर्णायक अधिकारी (पदेन अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट) के न्यायालय ने दोनों मामलों में सुनवाई के बाद संबंधित आरोपियों को दोषी मानते हुए दंडादेश जारी किया है।

आइसक्रीम के नमूने में मिली मिथ्याछाप

तत्कालीन खाद्य सुरक्षा अधिकारी के. एल. कुम्भकार ने संयुक्त दल के साथ 29 अप्रैल 2022 को सुसनेर स्थित नारायणलाल बारेठ, भारखादेवी (जे.के.) आइसक्रीम पार्लर से राजभोग आइसक्रीम तथा चॉकलेट कोन भारखादेवी आइसक्रीम के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे थे।
जांच रिपोर्ट में राजभोग आइसक्रीम मानक स्तर की पाई गई, जबकि चॉकलेट कोन आइसक्रीम का नमूना मिथ्याछाप पाया गया।

प्रकरण में बिना खाद्य लाइसेंस के मिथ्याछाप आइसक्रीम का कारोबार करने के आरोप में

  • नारायणलाल बारेठ, भारखादेवी आइसक्रीम पार्लर सुसनेर
  • नंदगिरि, महाकालेश्वर इंटरप्राइजेज इंदौर (थोक विक्रेता)
  • भारखादेवी आइसक्रीम, पुंडिंडिया बारदौली गुजरात (निर्माता)

के विरुद्ध अभिहित अधिकारी द्वारा अभियोजन स्वीकृति प्राप्त कर मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के बाद न्यायालय ने तीनों आरोपियों को दोषी मानते हुए एक-एक लाख रुपए के जुर्माने से दंडित किया।

हल्दी पाउडर भी मिला मिथ्याछाप

दूसरे प्रकरण में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 1 फरवरी 2021 को भरत कुमार गर्ग, बालाजी ट्रेडर्स पीपलोंन कलां से प्रेस्टीज रिफाइंड सोयाबीन तेल पाउच तथा पुष्प ब्रांड हल्दी पाउडर (200 ग्राम) के नमूने लिए थे।
जांच में सोयाबीन तेल मानक पाया गया, जबकि हल्दी पाउडर का नमूना मिथ्याछाप निकला।

इस मामले में फुटकर विक्रेता, थोक विक्रेता और निर्माता के विरुद्ध अभियोजन स्वीकृति प्राप्त कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के बाद न्यायालय ने निम्न आरोपियों को दोषी ठहराया—

  • भरत कुमार गर्ग, बालाजी ट्रेडर्स पीपलोंन कलां (फुटकर विक्रेता)
  • श्रीराम एजेंसी, उज्जैन (थोक विक्रेता)
  • पुष्प ब्रांड (इंडिया) प्रा. लि., इंदौर (निर्माता)

तीनों पर भी एक-एक लाख रुपए का जुर्माना अधिरोपित किया गया।

15 दिन में जमा करनी होगी जुर्माना राशि

न्यायालय के आदेशानुसार सभी छह अभियुक्तों को 15 दिवस के भीतर विभागीय चालान शीर्ष 0210 – चिकित्सा एवं लोक स्वास्थ्य, 04 – लोक स्वास्थ्य, 104 – शुल्क एवं दंड, 0754 – खाद्य एवं औषधि नियंत्रक के अंतर्गत राशि जमा करनी होगी।

यदि निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं की गई तो संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार के माध्यम से भू-राजस्व संहिता एवं अधिनियम की धारा 96 के तहत वसूली एवं कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही राशि जमा होने तक संबंधित फर्मों की खाद्य अनुज्ञप्ति/पंजीयन निलंबित रहेगा।


कलेक्टर ने ईवीएम गोदाम का किया निरीक्षण


आगर-मालवा, 11 मार्च। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रीति यादव ने बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित ईवीएम गोदाम पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने गोदाम में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी तथा डबल लॉक सिस्टम का अवलोकन करते हुए आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर यूपी जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आरपी वर्मा, निर्वाचन सुपरवाइजर श्री राजेंद्र पांड्या,मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल से श्री अशोक प्रजापत और राजू मुल्तानी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने वाणिज्यिक उपभोक्ताओं की बैठक ली

आगर-मालवा, 11 मार्च। ऑयल कंपनियों के निर्देशानुसार वर्तमान में कमर्शियल एलपीजी (बल्क एवं पैक्ड) की सप्लाई नहीं किए जाने की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने गत दिवस जिले के बड़े वाणिज्यिक उपभोक्ताओं की बैठक ली गई।
बैठक में होटल एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को उपलब्ध एलपीजी स्टॉक का विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी गई। साथ ही उनकी ईंधन आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए वैकल्पिक ईंधन आपूर्ति एवं अन्य उपलब्ध स्रोतों का उपयोग करने हेतु कहा गया
बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी श्री मनोहरलाल मालवीय एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री बी.एस. जामोद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

आसमानी उड़ान की दास्तां
सुनने जमीन पर बैठीं कलेक्टर

आगर-मालवा, 11 मार्च। जिला कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने आज आजीविका मिशन से जुड़ी समूह महिलाओं के बीच पहुंचकर उनके आत्मनिर्भर बनने की प्रेरक कहानियों को सुना। खास बात यह रही कि महिलाओं से संवाद के दौरान कलेक्टर स्वयं जमीन पर बैठ गईं और उनके लखपति बनने की दास्तां बड़े ध्यान से सुनी।

कलेक्टर श्रीमती यादव एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री बी.एस. सोलंकी ने आज आगर विकासखंड के ग्राम पालखेड़ी एवं तानोडिया का भ्रमण कर स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों का जायजा लिया।

इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री बीएस सोलंकी, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री राजीव गुप्ता, जिला परियोजना प्रबंधक आजीविका मिशन श्री संजय सक्सेना, जिला प्रबंधक श्री मुकेश पवार, आजीविका मिशन के ब्लॉक सदस्य यशवंत मेवाड़ा, रिजवान खान, भरत शोभाकर सहित अन्य अधिकारी एवं ब्लॉक स्तरीय अमला उपस्थित रहा।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने अपने भ्रमण की शुरुआत ग्राम पालखेड़ी से की। यहां स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित पशु आहार निर्माण इकाई का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण प्रक्रिया को देखा तथा उत्पाद की गुणवत्ता और पैकेजिंग के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

महिलाओं ने बताया कि बैंक ऋण के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों का संचालन कर वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और कई महिलाएं लखपति दीदी बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

इस अवसर पर लोक अधिकार केंद्र संचालित करने वाली महिलाओं ने भी अपने कार्यों की जानकारी कलेक्टर को दी।इसके पश्चात कलेक्टर ने ग्राम तनोडिया का भ्रमण किया, जहां महिलाओं द्वारा निर्मित वॉशिंग उत्पाद, अगरबत्ती, घी, साड़ी सहित अन्य उत्पादों का निरीक्षण किया। महिलाओं से संवाद के लिए कलेक्टर जमीन पर बैठकर उनसे चर्चा करती नजर आईं।

महिलाओं ने बताया कि वॉशिंग उत्पादों के अलावा समूहों द्वारा दाल निर्माण, चूड़ी निर्माण सहित कई गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने उत्पादों की मार्केटिंग व्यवस्था के बारे में जानकारी लेते हुए महिलाओं को उपयोगी सुझाव भी दिए। महिलाओं ने बताया कि वे बैंक सखी, ड्रोन सखी, बीमा सखी एवं कृषि सखी के रूप में भी कार्य कर रही हैं।

इसके साथ ही “एक बगिया मां के नाम” अभियान के तहत फलों के बगीचे भी तैयार किए गए हैं। गत वर्ष गेहूं उपार्जन कार्य में जुड़े समूहों की महिलाओं ने भी अपनी गतिविधियों से अतिथियों को अवगत कराया।

कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने महिलाओं के उत्साह और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उन्हें और अधिक महिलाओं को समूह से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लखपति दीदियों को अब करोड़पति बनने के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए और निरंतर प्रयास जारी रखना चाहिए।

कलेक्टर प्रीति यादव ने पीएम श्री स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण


आगर-मालवा, 11 मार्च। कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने बुधवार को पीएम श्री शासकीय स्कूल पालखेड़ी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में संचालित मॉडर्न आईसीटी लैब, डिजिटल लाइब्रेरी, साइंस लैब, ब्यूटी एंड वेलनेस लैब तथा ग्रीन गार्डन सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन कर किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध डिजिटल संसाधनों की जानकारी लेते हुए इनके प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए चलाए जा रहे एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा करते हुए अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के लिए विद्यालय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिये। इसके पश्चात कलेक्टर ने ग्राम पालखेड़ी एवं बड़गोन में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से प्राप्त की तथा कुपोषित बच्चों की संख्या और उनके उपचार व पोषण सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध एलईडी टीवी को बच्चों के शैक्षणिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों के लिए नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं को मिलने वाले पोषण आहार, स्वास्थ्य सेवाओं एवं टीकाकरण की स्थिति की भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद किया तथा उनसे कविताएं भी सुनीं और उनका उत्साहवर्धन किया।
निरीक्षण के दौरान बी.एस. सोलंकी, राजीव गुप्ता, संजय सक्सेना सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य के.एस. मालवीय एवं सरपंच गोवर्धन सिंह चौहान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर कलेक्टर का आत्मीय स्वागत किया।


दिव्यांग बच्चों के चिन्हांकन एवं प्रमाण पत्र हेतु विशेष शिविर 12 मार्च को


आगर-मालवा, 11 मार्च। कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव के निर्देशानुसार सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला आगर-मालवा द्वारा दिव्यांग बच्चों (0 से 18 वर्ष) की शीघ्र पहचान एवं त्वरित दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने के उद्देश्य से विशेष शिविरों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है।
इसी क्रम में प्रथम शिविर 12 मार्च 2026 को नवीन जिला चिकित्सालय प्रांगण, बड़ौद रोड, आगर में प्रातः 11 बजे से आयोजित किया जाएगा। शिविर में विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांग बच्चों का चिन्हांकन कर आवश्यक परीक्षण किए जाएंगे तथा पात्र बच्चों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया त्वरित रूप से पूर्ण की जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने जिले के सभी दिव्यांग बच्चों के माता-पिता एवं परिजनों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को शिविर में लाकर दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाएं, जिससे उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ मिल सके।

उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश श्री मौर्य 12 मार्च को जिले के प्रवास पर रहेंगे

आगर मालवा, 11 मार्च। उत्तर प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य, 12 मार्च को आगर मालवा जिले के प्रवास पर रहेंगे।जारी दौरा कार्यक्रम के अनुसार उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य 12 मार्च को प्रातः 10:00 बजे जिले के नलखेड़ा पहुंचकर मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे तथा इसके पश्चात स्थानीय भ्रमण करेंगे।

प्रभारी मंत्री श्री चौहान का दौरा कार्यक्रम

आगर मालवा, 11 मार्च। अनुसूचित जाति कल्याण  मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री, श्री नागर सिंह चौहान 13 मार्च को आगर मालवा जिले के प्रवास पर रहेंगे।
जारी दौरा कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री श्री चौहान, 13 मार्च को दोपहर 12:00 बजे सर्किट हाउस आगर मालवा पहुंचेंगे तथा इसके पश्चात बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर में दर्शन करेंगे। दोपहर 12:30 बजे सर्किट हाउस में जिला कोर कमेटी की बैठक लेंगे। तत्पश्चात दोपहर 2:00 बजे नगर पालिका परिषद आगर में हितग्राहियों को पट्टा वितरण  तथा अटल पथ का भूमि पूजन कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम समाप्ति के पश्चात मंत्री श्री चौहान आगर मालवा से अलीराजपुर जिले के लिए प्रस्थान करेंगे।

Related Articles

error: Content is protected !!