MP ब्रेकिंग न्यूज़ :परमिट था… फिर कैसे चालू हुई बिजली? करंट लगने से लाइनमैन चैनसिंह की दर्दनाक मौत
ग्राम बराई में ट्रांसफार्मर पर कार्य के दौरान हुआ हादसा, छह माह की मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया

🔴 ब्रेकिंग न्यूज़ | जनमत जागरण @ सोयतकलां
वह घर से ड्यूटी पर निकला था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि उसकी वापसी इस तरह होगी। ग्राम बराई में ट्रांसफार्मर पर कार्य के दौरान अचानक बिजली सप्लाई शुरू होने से आउटसोर्स कर्मचारी चैनसिंह कंडारा की जान चली गई। पीछे रह गई छह माह की मासूम बेटी और बिलखता परिवार। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और विभागीय लापरवाही को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोयत थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बराई में विद्युत विभाग के आउटसोर्स कर्मचारी चैनसिंह कंडारा (30 वर्ष) निवासी सोयतकलां ट्रांसफार्मर पर विधिवत परमिट लेकर मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक विद्युत सप्लाई चालू हो गई, जिससे उन्हें जोरदार करंट लग गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी देवनारायण यादव, थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा, विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली।
बताया जा रहा है कि मृतक चैनसिंह कंडारा विद्युत विभाग में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। वे अपने पीछे छह माह की एक मासूम बालिका सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कर्मचारी ट्रांसफार्मर पर परमिट लेकर कार्य कर रहा था, तो आखिर विद्युत सप्लाई कैसे चालू हुई? यह घटना विभागीय लापरवाही या तकनीकी चूक का परिणाम है, इसकी जांच की जा रही है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।



