MP BREAKING NEWS : कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री पर दलित युवक से कथित मारपीट का आरोप, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घर का ताला तोड़कर घुसने, जातिसूचक गालियां देने, आरा मशीन परिसर में दोबारा हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप; वायरल वीडियो ने पकड़ा तूल, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

जनमत जागरण @ सुसनेर।
सुसनेर थाना क्षेत्र में कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री निजामुद्दीन मंसूरी पर एक दलित युवक के साथ कथित मारपीट, घर में घुसकर जातिसूचक गालियां देने तथा जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में एक युवक के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि यह वीडियो उसी घटना का है, जिसमें आरा मशीन परिसर स्थित गोदाम के भीतर उसकी मां के सामने उसके साथ मारपीट की गई। हालांकि, वायरल वीडियो की प्रामाणिकता और उसमें दिखाई दे रही घटना की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस में दर्ज प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) के अनुसार ग्राम ढाबली हाल निवासी मोदी जोड़, सुसनेर निवासी 19 वर्षीय हेमराज पिता कनीराम मालवीय ने अपनी माता मगनबाई और छोटी बहन पूजा के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 15 जुलाई 2026 को दोपहर करीब चार बजे वह अपने घर पर था। उसके पिता कथित रूप से निजामुद्दीन मंसूरी की आरा मशीन पर मजदूरी कर रहे थे, जबकि उसकी मां बड़ी बहन संगीता के इलाज के लिए सरकारी अस्पताल सुसनेर गई थीं। छोटी बहन पूजा भी पड़ोस में मजदूरी करने घर पर ताला लगाकर गई हुई थी।
एफआईआर के अनुसार, घर के बाहर लगे ताले पर पत्थर मारने की आवाज सुनकर छोटी बहन पूजा मौके पर पहुंची तो उसने देखा कि निजामुद्दीन मंसूरी, उसका पुत्र अजहर मंसूरी तथा भतीजा जावेद मंसूरी कथित रूप से ताला तोड़कर घर के अंदर घुस चुके थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तीनों ने हेमराज के साथ मां-बहन के संबंध में अशोभनीय एवं जातिसूचक गालियां दीं। विरोध करने पर जावेद मंसूरी ने उसके साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की।
शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि इसके बाद हेमराज अपने पिता के पास निजामुद्दीन मंसूरी की आरा मशीन पर पहुंचा, जहां तीनों आरोपी भी पहुंच गए। वहां भी कथित रूप से जातिसूचक गालियां दी गईं। विरोध करने पर निजामुद्दीन मंसूरी और उसके पुत्र अजहर मंसूरी ने लात, घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की तथा धमकी दी कि यदि भविष्य में वह आरा मशीन की तरफ आया तो उसे जान से खत्म कर देंगे।
पीड़ित ने एफआईआर में बताया है कि मारपीट में उसके दोनों गाल, पीठ और सीधे कंधे पर चोटें आईं। घटना के प्रत्यक्षदर्शी के रूप में उसने अपनी छोटी बहन पूजा, पिता तथा पड़ोसी विजय माली का उल्लेख किया है। फरियादी का कहना है कि भय के कारण वह घटना वाले दिन रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सका और बाद में थाने पहुंचकर शिकायत दी।
वायरल वीडियो ने बढ़ाई हलचल
घटना के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो ने पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि वायरल वीडियो में आरा मशीन परिसर के गोदाम के भीतर उसके साथ की गई मारपीट दिखाई दे रही है। वीडियो में कुछ लोग युवक के साथ मारपीट करते हुए दिखाई देते हैं, जबकि आसपास कई अन्य लोग भी मौजूद नजर आते हैं। बताया जा रहा है कि पीड़ित की मां भी मौके पर मौजूद थीं और उनके सामने ही युवक की पिटाई की गई।
वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस अब वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो घटना से संबंधित है या नहीं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
(अस्वीकरण: यह समाचार पुलिस में दर्ज प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर), शिकायतकर्ता के आरोपों तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर तैयार किया गया है। )



