दो दिवसीय टीकाकरण महा-अभियान का सफल आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन करे – मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया
प्रभारी मंत्री ने जिले में महा-अभियान की तैयारियों की सराहना की
जनमत जागरण न्यूज @ आगर (मालवा)
कोरोना संक्रमण से नागरिकों को सुरक्षा देने हेतु 25 अगस्त एवं 26 अगस्त को पूरे प्रदेश भर में दूसरी बार चलाएं जा रहे टीकाकरण महा-अभियान का आगर-मालवा जिले में सफल आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन करें। उक्त निर्देश मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग मंत्री तथा जिला आगर-मालवा प्रभारी मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने मंगलवार को जिले में वर्चुअली माध्यम से टीकाकरण महा-अभियान की समीक्षा करते हुए दिए। मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि वैक्सीनेशन एवं कोविड-19 अनुकूल व्यवहार ही कोरोना नियंत्रण का प्रभावी माध्यम है। जिले में महा-अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। जनप्रतिनिधि, धर्मगुरूओं, सामाजिक संगठन आदि का सहयोग आम जनता को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करने में लें। जिन्होंने दोनों डोज लगवा लिए है, वे भी अभियान से जुड़कर सफल आयोजन में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तरीय अमले को तैनात कर जिले को शत्-प्रतिशत वैक्सीनेट करें।
वर्चुअली मीटिंग के दौरान कलेक्टर अवधेश शर्मा ने दो दिवसीय अभियान की तैयारियों की जानकारी से अवगत करवाया। मंत्री श्रीमती सिंधिया द्वारा जिले में महा-अभियान को लेकर की गई तैयारियों की सराहना की गई। उन्होंने कहा कि अभियान में जो लक्ष्य जिले के लिए निर्धारित किया गया है, वह शत्-प्रतिशत प्राप्त करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सगर, सीईओ जिला पंचायत डीएस रणदा, एडीएम अशफाक अली, एसडीएम आगर राजेन्द्र सिंह रघुवंशी, एसडीएम सुसनेर केएल यादव, सीएमएचओ डॉ.एसएस मालवीय, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. राजेश गुप्ता, जनपद सीईओ आदि उपस्थित रहे।



