उज्जैनमध्यप्रदेश

टीकाकरण महाअभियान-2 में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 40 लाख के पार

मध्य प्रदेश ने फिर बनाया रिकार्ड

जनमत जागरण न्यूज @ उज्जैन

मध्य प्रदेश में कोरोना वैक्सीनेशन के लिए 25 और 26 अगस्त को चलाये गए दो दिवसीय टीकाकरण महाअभियान-2 में 40 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन की डोज़ लगाई गई, जो एक राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। महाअभियान-2 के पहले दिन 25 अगस्त को 24 लाख से अधिक और दूसरे दिन 26 अगस्त को 16 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन डोज़ लगाई गई है।
    कोरोना महामारी पर कारगर नियंत्रण के लिए राज्य सरकार ने टीकाकरण महाअभियान-2 चलाकर एक और सफलता प्राप्त की है। प्रदेश में वैक्सीनेशन को बढ़ाने के लिए 25 और 26 अगस्त को टीकाकरण महाअभियान-2 संचालित किया गया। दो दिवसीय इस महाअभियान में अब तक 40 लाख 70 हजार 125 व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। महाअभियान के पहले दिन 25 अगस्त को सर्वाधिक रिकॉर्ड 24 लाख 20 हजार 374 व्यक्तियों को वैक्सीन डोज लगाई गई, जबकि इस दिन 21 लाख 30 हजार वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया था। महाअभियान के दूसरे दिन भी निर्धारित लक्ष्य 10 लाख के विरुद्ध शाम तक 16 लाख 49 हजार 751 व्यक्तियों को वैक्सीन डोज लगाने का रिकार्ड दर्ज किया गया।
    प्रदेश में वैक्सीनेशन के लिए अपनाई गई रणनीति में अधिक से अधिक व्यक्तियों को वैक्सीन लगाने का जो लक्ष्य रखा गया था, उसमें मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के जन-भागीदारी मॉडल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महाअभियान के 2 दिन में पूरे प्रदेश में ऐसा माहौल बनाया गया, जिसमें बड़े शहरों से लेकर गाँव और छोटे-छोटे मजरे-टोलों में वैक्सीन लगवाने का संदेश विभिन्न संचार माध्यमों से पहुँचा। लोगों ने प्रेरित होकर वैक्सीनेशन करवाया। इस कार्य में स्वयं मुख्यमंत्री  श्री शिवराज सिंह चौहान, मंत्रि-परिषद के सभी सदस्य, सांसद, विधायक, जन-प्रतिनिधि, कोरोना वॉलेंटियर्स, जिला, विकासखण्ड, वार्ड और ग्राम स्तरीय क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप्स के सदस्यों ने महती भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने टीकाकरण महाअभियान-2 में सहभागी बने सभी वर्गों के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए आभार भी माना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!