केन्द्रीय धनराशि का राज्य सरकार सदुपयोग नहीं कर रही है : शेखावत
शेखावत ने कनवाड़ी स्थित रामकुंड बालाजी महाराज मंदिर में दर्शन पूजन और जलाभिषेक किया
झालावाड़ पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं , हिंदू सेना के प्रदेश अध्यक्ष ने किया केंद्रीय जलशक्ति मंत्री का स्वागत
जनमत जागरण न्यूज़ @ झालावाड़
केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत रविवार को एक दिवसीय दौरे पर झालावाड़ पहुंचे। शेखावत ने कनवाड़ी स्थित रामकुंड बालाजी महाराज मंदिर में दर्शन कर पूजन और देवाधिदेव का जलाभिषेक किया। जिले के दौरे के दौरान शेखावत का भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव नानी, रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावर , हिंदू सेना प्रदेश अध्यक्ष कमल गुरु पाटीदार ,युवा नेता बंसी चौधरी, गुर्जर समाज के राष्ट्रीय महासचिव राजाराम गुर्जर आदि द्वारा स्वागत किया गया ।
इस दौरान शेखावत ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार लगातार राज्य की मदद कर रही है। फ्री वैक्सीन उपलब्ध करानी हो या बिजली संकट के दौरान कोयले की आपूर्ति या जल जीवन मिशन के लिए धनराशि,लेकिन राज्य सरकार फण्ड का सदुपयोग नहीं कर रही है। रविवार सुबह कोटा से सड़क मार्ग से कनवाड़ी पहुंचे शेखावत ने कहा कि रामकुंड बालाजी महाराज मंदिर में दर्शन और देवाधिदेव का जलाभिषेक कर स्वयं को धन्य किया। यहां का वातावरण पवित्रता से परिपूर्ण है। मन को असीम शांति मिलती है। इस सुंदर श्रृंखला में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलकर हालचाल जाना। पार्टी और परिवार मेरे लिए एक ही है। मंदिर परिसर में शेखावत ने समिति सदस्यों और ग्रामीणों से बातचीत की।
डोटासरा पर कसा तंज
संघ और भाजपा को लेकर लगातार बयानबाजी कर रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से जुड़े सवाल पर शेखावत ने तंज कसा कि वो पीसीसी और मंत्री पद, दोनों को बचाने के लिए जूझ रहे हैं। अब आमजन के मन में प्रश्न यह है कि डोटासरा पीसीसी की कुर्सी बचा पाएंगे या मंत्री पद। उन्होंने कहा कि डोटासरा की बयानबाजी केवल दिल्ली और राजस्थान में बैठे अपने आकाओं को खुश करने के लिए है।



