जिला चिकित्सालय में दो सौ लीटर प्रति मिनट उत्सर्जन क्षमता के ऑक्सीजन प्लांट का शुभारम्भ
जनमत जागरण न्यूज @ आगरमालवा
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 71 वें जन्म दिवस के अवसर पर पीएम केयर फंड से जिला चिकित्सालय आगर में स्थापित 200 लीटर प्रति मिनट उत्सर्जन क्षमता वाले ऑक्सीजन प्लांट का शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष कलाबाई गुहाटिया, कलेक्टर अवधेश शर्मा, पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सगर व जिलाअध्यक्ष गोविंद सिंह बरखेड़ी द्वारा फिता काटकर शुभारंभ किया। यह ऑक्सीजन प्लांट स्वचलित रूप से कार्य करने में सक्षम है। इसके शुरू हो जाने से जिला चिकित्सालय में ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी तथा मरीजों को पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध हो सकेगी।
ऑक्सीजन प्लांट शुभारम्भ अवसर पर सीईओ जिला पंचायत डीएस रणदा, एएसपी नवल सिंह सिसौदिया, सीएमएचओ डॉ. एसएस मालवीय, डॉ कृष्णगोपाल, डॉ. डीएस पालीवाल, जनप्रतिनिधि सर्व श्री अजय जैन मारूबर्डिया, दिनेश परमार, सुनील जैन, अनिल मंडोवरा, महेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, चिकित्सक, मेडिकल स्टॉफ, पत्रकारगण उपस्थित रहे।
ऑक्सीजन प्लांट शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कलाबाई गुहाटिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिले में ऑक्सीजन प्लांट शुरू होने से जिले की जनता को लाभ मिलेगा। मरीजों को जरूरत पर पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि दूसरी लहर के दौरान चिकित्सक एवं नर्स ने अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया है। जिले में मरीजों को अच्छी स्वास्थ्य सेवा मिलने से वे स्वस्थ होकर वापस अपने घर लौटे। उन्होंने कहा कि स्वयं मेरे दामाद और बेटा कोरोना संक्रमित होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों की अच्छी सेवाओं एवं मार्गदर्शन में दोनो पूर्ण स्वस्थ्य होकर लौटे है। इसके लिए चिकित्सक एवं नर्स धन्यवाद के पात्र है, कोरोना जैसे विपरित परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का पूरी गंभीरता से निर्वहन किया तथा मरीजों की जान बचाने में अपना सर्वेश्रेष्ठ सहयोग उपलब्ध कराया।
कलेक्टर श्री अवधेश शर्मा ने कहां की कोरोना की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन का महत्व हमने जाना है। आज जिले में पीएम केयर फंड से नवनिर्मित ऑक्सीजन प्लांट का शुभारंभ होने से अब जिले में 200 लोगों की एक साथ ऑक्सीजन की पूर्ति की जा सकती है। संभावित तीसरी लहर के निपटने के लिए हमने पहले से तैयारियां पूर्ण कर ली है। उन्होंने कहा कि दूसरी लहर के दौरान जिले में डॉक्टर, नर्स एवं स्वास्थ्य विभाग की सेवा सराहनीय है, इनकी निर्बाध सेवाओं के बदौलत ही हम दूसरी लहर से लड़ने में सफल रहे। कोरोना संक्रमित मरीजों को डॉक्टर, मेडिकल स्टॉफ ने घर जैसे माहौल एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की। जिसके परिणामस्वरूप अधिकतर भर्ती मरीज स्वस्थ होकर अपने घर, परिवार में पुनः लौटे। इसके लिए जिले के डॉक्टर्स, नर्स सभी बधाई के पात्र है। उन्होंने कहा कि जिले के जनता, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी आदि के सहयोग से आगर-मालवा जिला प्रदेश में सबसे पहले कोरोना संक्रमण से मुक्त होने वाला जिला बना। इसके लिए सभी बधाई एवं धन्यवाद के पात्र है। आगे भी सभी के सकारात्मक सहयोग से हम बड़ी से बड़ी जंग जीत लेंगे।
कलेक्टर ने उपस्थितजनों से कहा कि डॉक्टर, नर्स के प्रति अच्छा रवैया रखें तथा हमेशा उन्हें सकारात्मक रूप से सहयोग करें। उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक, सीटी स्कैन मशीन भी जिले में शीघ्र ही शुरू होगी, जिसका लाभ जिले की आमजनता को मिलेगा। उन्होंने कहा कि आगर-मालवा जिला छोटा जरूर है, लेकिन अच्छे कार्याें की वजह से इसकी पहचान ऊपर तक है। उन्होंने कहा कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ देश में आजादी के अमृत महोत्सव के रूप मनाई जा रही है। अमृत महोत्सव के अन्तर्गत अधिक से अधिक पौधारोपण करें। अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें।
पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार सगर ने कहा कि कोरोना की विषम परिस्थितियों में आगर जिले में अच्छा कार्य किया गया है। मरीजों को अच्छी से अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं जिले में दी गई। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य, नगर पालिका सभी ने ईमानदारीपूर्वक अपने कार्य को किया। कलेक्टर स्वयं भी अस्वस्थ्य होने के बाद अपने दायित्वों के निर्वहन में पीछे नहीं रहें। जिले में सभी अधिकारी-कर्मचारियों का अच्छा मार्गदर्शन मिलने एवं सभी व्यवस्था सुचारू होने से कोरोना संक्रमण को रोकने में हमने सफलता प्राप्त की है।
जिला अध्यक्ष गोविंद सिंह बरखेड़ी ने कहा कि आज का दिन जिले के लिए खुशी का दिन है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर जिले वासियों की अपेक्षा एवं आवश्यकताओं के दृष्टिगत आज ऑक्सीजन प्लांट का शुभारंभ हुआ है। जिला चिकित्सालय में अब ऑक्सीजन की कमी मरीजों को नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जब कोरोना की दूसरी लहर आई तो देखते-देखते भयानक रूप धारण कर लिया। जनता को बचाने हेतु प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग ने अपनी पूरी ताकत लगाकर सामना किया और उस पर विजय प्राप्त की। चिकित्सक एवं मेडिकल स्टाफ ने 24 घंटे अपनी सेवा देकर जनसेवा का कार्य किया। जिले में ऑक्सीजन की भी इंदौर, गुना, भोपाल आदि स्थानों से जिले में व्यवस्था की जाकर मरीजों को कमी नहीं होने दी और मरीजों की जान बचाई गई। विपरीत परिस्थितियों में भी आगर मालवा जिले में अच्छा कार्य किया है। वर्तमान में डेंगू से बचाव एवं रोकथाम हेतु जिला प्रशासन पुरी मुस्तैदी के साथ कार्य रहा है। कार्यक्रम को अजय जैन मारूबर्डिया द्वारा भी सम्बोधित किया गया।
कार्यक्रम की रूपरेखा डॉ. एसके पालीवाल द्वारा रखी गई। कार्यक्रम का संचालन स्वास्थ्य विभाग के मीडिया अधिकारी आरसी ईरवान ने किया तथा आभार सीएमएचओ ने माना।



