‘‘नशा नास की जड़ है, नशा समाज के लिए अभिषाप’’-न्यायाधीश श्री देवड़ा
जनमत जागरण न्यूज @ शाजापुर
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शाजापुर श्री सुरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में 02 अक्टूबर 2021 से 14 नवम्बर 2021 तक आयोजित होने वाले ‘‘भारत की आजादी का अमृत महोत्सव’’ कार्यक्रम अंतर्गत आज 10 अक्टूबर 2021 को जिला स्थापना शाजापुर अंतर्गत ग्राम गोपीपुर में विधिक साक्षरता/जन जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। उक्त विधिक साक्षरता/जन जागरूकता शिविर में उपस्थित शिविरार्थियों को न्यायाधीश श्रीमती शर्मिला बिलवार द्वारा कानूनी अधिकार एवं नशामुक्ति के संबंध में जागरूक किया गया। इसके साथ ही न्यायाधीश सुश्री रूपम तोमर द्वारा अपने वक्तव्य में नशा के दुष्प्रभावों को बताते हुए नशे की लत से दूर रहने के सुझाव दिए तथा किस प्रकार नशा जैसी बुराई समाज में अपने पैर पसार रही है, की जानकारी शिविर में उपस्थित नागरिकों को दी गई। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शाजापुर श्री राजेन्द्र देवड़ा द्वारा शिविर में उपस्थित जन सामान्य को नालसा योजना ‘‘मानसिक रूप से बीमार एवं मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति’’ के बारे में विस्तार से समझाते हुए बताया कि नशा किस प्रकार एक डीमक की तरह हमारे समाज को खोखला कर रहा है तथा नशा न सिर्फ नशा करने वाले व्यक्ति बल्कि उसके संपर्क में आने वाले सभी व्यक्तियों को किस प्रकार प्रभावित करता है। शिविर में उपस्थित शिविरार्थियों से यह संकल्प करवाया कि आज के बाद हम नशा नहीं करेंगे। न्यायाधीश श्री देवड़ा द्वारा ‘‘नशा नास की जड़ है, नशा समाज के लिए अभिषाप’’ कहते हुए वैकल्पि विवाद समाधान केन्द्र द्वारा अपने मामलों का किस प्रकार आपसी समझौते के आधार पर निराकरण करवाया जा सकता है की प्रक्रिया को समझाया तथा नेशनल लोक अदालत की भी जानकारी जन सामान्य को दी गई।
उक्त शिविर स्थल पर ग्राम गोपीपुर पटवारी श्रीमती शर्मा, सरपंच श्री रामसिंह गुर्जर, ग्राम पंचायत सचिव श्री बाबूलाल गुर्जर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शाजापुर के कर्मचारीगण सहित ग्राम गोपीपुर के नागरिकगण उपस्थित रहे।



