विभाग प्रमुख सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण करें- कलेक्टर
शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतनें पर अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी
जनमत जागरण न्यूज @ आगरमालवा
कलेक्टर अवधेश शर्मा ने सभी विभागों के अधिकारी को निर्देश दिए कि विभाग की सीएम हेल्पलाईन पर लंबित समस्त शिकायतों में शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से चर्चा करते हुए शिकायत का समाधान कारक निराकरण करना सुनिश्चित करें व शिकायत को संतुष्टि पूर्वक बंद कराने का प्रयास करें। जिले के कतिपय विभाग प्रमुखों द्वारा सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों को गंभीरता से नहीं लिया जाकर शिकायतकर्ता से दूरभाष पर अथवा समक्ष में चर्चा नहीं की जाती है व उचित निराकरण भी पोर्टल पर अंकित नहीं किया जाता है। इस संबंध में जब शिकायतकर्ताओं से कलेक्ट्रेट कार्यालय के माध्यम से चर्चा की जाती है तो उक्त शिकायतकर्ता अधिकतम प्रकरणों में संतुष्ट हो जाता है व शिकायत को संतुष्टि पूर्वक 181 पर कॉल करके बंद करवा देता है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि संबंधित विभाग प्रमुख उनके विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से ना लेते हुए कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरत रहे हैं।
किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग से संबंधित 300 दिवस से अधिक अवधि की लंबित शिकायत के संबंध में जब हितग्राही से कलेक्ट्रेट कार्यालय द्वारा चर्चा की गई तो उसके द्वारा निराकरण से सहमत होते हुए शिकायत को संतुष्टि पूर्वक बंद कराया गया जबकि उक्त शिकायत को संबंधित विभाग प्रमुख द्वारा पूर्व में ही चर्चा कर बंद करा देनी चाहिए । इस पर कलेक्टर श्री अवधेश शर्मा ने नाराजगी जाहिर करते हुए, कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं । कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को हिदायत दी है कि शिकायतों की समीक्षा के दौरान बिना किसी कार्यवाही के लम्बित पाई जाने वाली शिकायतों में तत्काल मौके से शिकायतकर्ता से चर्चा की जाएगी, जिसमें शिकायतों द्वारा संतुष्टि पूर्वक बंद करवाने की स्थिति में संबंधित विभाग प्रमुख के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही हेतु संभागीय आयुक्त को प्रस्ताव भेजा जाएगा।



