आगर मालवाउज्जैनमध्यप्रदेश

पिपलिया बालाजी मंदिर को भव्य रूप प्रदान करने हेतु विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

जनमत जागरण न्यूज़ @ आगर मालवा

आगर मालवा-पिपलिया बालाजी मंदिर सोयत को भव्य रूप प्रदान करने हेतु होने वाले निर्माण कार्यों का शनिवार को गुड़ी पड़वा के पावन अवसर पर सुसनेर विधायक विक्रम सिंह राणा के मुख्य आतिथ्य एवं कलेक्टर अवधेश शर्मा की अध्यक्षता में भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित कर विधिवत भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में चतुर्भुज‌ भूतड़ा, गोविंद सिंह बरखेड़ी, सज्जन सिंह कलारिया, डॉक्टर गजेंद्र सिंह चंद्रावत, लक्ष्मण सिंह कावल‌, कालू सिंह, प्रधान पिडावा सीताबाई, रामकरण दांगी, लाल सिंह, प्रदीप शर्मा मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया, इस अवसर पर वैदेही, हिमांशु, पीहू बालिकाओं ने सरस्वती वंदना का गायन किया। ज्ञात हो कि पिपलिया धाम बालाजी मंदिर में साढ़े तीन बीघा में फैला है, प्रथम चरण में मंदिर में गार्डन, दूसरे चरण में दुकाने,अतिथि गृह तीसरे चरण में बाउंड्री वाल एवं रोड निर्माण और चतुर्थ चरण में सौंदर्यीकरण होगा।
विधायक श्री राणा अपने उद्बोधन में कहा कि आज का दिन बड़ा सौभाग्यशाली है, कि पिपलिया बालाजी मंदिर को भव्य रूप प्रदान करने हेतु भूमि पूजन किया गया है। बालाजी मंदिर हम सभी की आस्था का केंद्र है। क्षेत्र की जनता नितप्रतिदिन दर्शन करने आती है। मंदिर को भव्य रूप प्रदान करने की क्षेत्र की जनता के हमेशा मांग रही है जो आज भूमि पूजन होने से उनकी यह मांग पूरी हो रही है। आने वाले समय में बालाजी मंदिर परिसर में और भी भव्यता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूं कि मेरे कार्यकाल में बालाजी मंदिर परिसर में विकास के कार्य किये जा रहे है, मेरा यह हमेशा से संकल्प भी रहा है, की क्षेत्र की जनता की आस्था के देव स्थानों को सौंदर्यीकरण व विकास के कार्यों को प्राथमिकता से करवाना। विधायक ने 1 लाख रुपए की राशि भी मंदिर निर्माण कार्य में देने की घोषणा की गई
कलेक्टर ने अपने संबोधन में कहा कि पिपलिया बालाजी मंदिर मध्यप्रदेश और राजस्थान की सीमा पर स्थित होने से दोनों राज्यों की जनता की आस्था से जुड़ा हुआ है। यहां जो भी विकास कार्य हो रहे हैं वह बालाजी की कृपा से हो रहे हैं। मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि आज बालाजी मंदिर परिसर में निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया है। मध्य प्रदेश सरकार ने मंदिर के विकास के लिए राशि प्रदान की गई है जिससे मंदिर को भव्य रूप दिया जाएगा। क्षेत्र की जनता की आस्था एवं श्रद्धा को ध्यान में रखते हुए मंदिर में निर्माण कार्य किए जाएंगे।
जिला अध्यक्ष गोविंद सिंह बरखेड़ी ने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान और एमपी के बीच में यह ऐतिहासिक मंदिर बनेगा । आज बड़े सौभाग्य की बात है कि गुड़ी पड़वा के दिन इसका भूमि पूजन किया गया, जनता की आस्था से जुड़े हुए इस मंदिर के विकास कार्य में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। सज्जन सिंह कलारिया सुसनेर ने कहा कि बालाजी सरकार की कृपा से मंदिर भव्य रुप में बनेगा। मंदिर हम सबका है एवं इसमें सभी का मार्गदर्शन रहेगा। सीताबाई प्रधान ने कहा कि यह वर्षों का सपना था जो आज पूर्ण हो रहा है, इसमें जिसने भी योगदान किया है मैं उनको सभी को धन्यवाद देती हूं। विकास कार्यों की जानकारी आर्किटेक्ट विवेक श्रृंगी द्वारा दी गई तथा आभार तहसीलदार विजय सेनानी ने माना।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!