जबलपुरमध्यप्रदेश

अब बदलेगी चंबल संभाग के सैकड़ो गाँवो की तस्वीर, 6601 करोड़ रूपये से बनेंगे छह बड़े बांध

जनमत जागरण न्यूज @ जबलपुर

सैकड़ों गांवों को पेयजल भी उपलब्ध होगा, साथ ही बिजली उत्पादन भी हो सकेगा

              कूनो नदी सहित तीन नदियों पर छह बड़े बांध बनेंगे, जिससे न केवल 2 लाख हेक्टेयर रकबे में सिंचाई का पानी मिलेगा, बल्कि सैकड़ों गांवों को पेयजल भी उपलब्ध होगा, साथ ही बिजली उत्पादन भी हो सकेगा। ये सब होगा कूनो कॉम्पलेक्स के रूप में प्रस्तावित ग्वालियर-चंबल संभाग की सबसे बड़ी सिंचाई परियोजना से, जिसकी डीपीआर तैयार हो गई है। श्रीमंत माधवराव सिंधिया बहुद्देश्यीय परियोजना के नाम से प्रस्तावित इस परियोजना पर 6601 करोड़ रूपए की लागत आएगी।

यही वजह है कि निजी कंसलटेंसी द्वारा डीपीआर कंपलीट किए जाने के बाद जलसंसाधन विभाग के अफसरों ने इसके परीक्षण के लिए भोपाल स्थिति विभाग की बोधी इकाई को भेज दिया है, जहां से परीक्षण के बाद इसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। डीपीआर के मुताबिक परियोजना में कुछ छह बड़े बांध बनेंगे, जिसमें 4 बांध पहले चरण में और 2 बांध दूसरे चरण में प्रस्तावित किए गए हैं। परियोजना स्वीकृत होने और धरातल पर उतरने के बाद ग्वालियर-चंबल संभाग के सैकड़ों गांवों की तस्वीर और तकदीर बदलना तय है।

कूनो नदी पर 4 बांध, तो करई व रेपनी पर एक-एक

प्रोजेक्ट के लिए बनाई गई डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) के मुताबिक श्रीमंत माधवराव सिंधिया बहुद्देश्यीय परियोजना कूनो नदी और उसकी सहायक नदियों पर प्रस्तावित है, जिसके माध्यम से सिंचाई और पेयजल का पानी मिलेगा, साथ ही बिजली उत्पादन भी प्रस्तावित है। परियोजना के अंतर्गत श्योपुर, शिवपुरी और गुना जिले में 4 बांध जहां कूनो नदी पर प्रस्तावित किए गए हैं, वहीं 1 बांध रेपनी नदी और 1 बांध करई नदी पर प्रस्तावित हैं। करई और रेपनी नदी भी कूनो नदी की सहायक नदियां है। लिहाजा ये परियोजना कूनो नदी बेसिन परिसर की एकीकृत योजना है।

छह बांधों में कटीला बांध होगा सबसे बड़ा

परियोजना में बनने वाले छह बांधों में सबसे बड़ा बांध कटीला बांध होगा। 3163 करोड़ रुपए की लागत से श्योपुर-शिवपुरी जिले के बीच कूनो नदी पर बनने वाले इस बांध से 61 हजार से अधिक रकबे में सिंचाई होगी। इसके अलावा श्योपुर जिले के श्यामपुर के पास कूनो नदी पर श्यामपुर बांध बनेगा, जिससे 25 हजार से अधिक रकबा सिंचिंत होगा। ये दोनों ही बांध परियोजना के दूसरे फेस में बनेंगे। जबकि फेस-1 में जो बांध प्रस्तावित किए गए हैं, उनमें शिवपुरी जिले में रेपनी नदी पर पावा बांध, शिवपुरी में ही करई नदी पर सेानपुर बांध और गुना जिले में कूनो नदी पर नैनागढ़ बैराज और धनवाड़ी बांध शामिल हैं।

परियोजना में ये छह बांध बनेंगे, बांध नदी लागत(करोड़ रुपए में)

कटीला बांध कूनो 3163.22

धनवाड़ी बांध कूनो 843.70

श्यामपुर बांध कूनो 844.66

नैनागढ़ बैराज कूनो 313.55

पावा बांध रेपनी 654.15

सोनपुर बांध करई 782.28

डीपीआर सबमिट हो गई है

श्रीमंत माधवराव सिंधिया बहुद्देश्यीय परियोजना की डीपीआर बन गई है, जिसे हमने सबमिट कर दिया है। अब भोपाल में बोधी इकाई में इसका परीक्षण कर शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। परियोजना में 6600 करोड़ में 6 बांध प्रस्तावित किए गए हैं।

आरपी झा मुख्य अभियंता, जलसंसाधन विभाग ग्वालियर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!