इंदौर शहर में बड़ा हादसा : गहरी नींद में सो रहे 7 लोग जिंदा जले, शहर को लगी फिर किसी की नजर
संभलने का भी मौका नहीं मिला, 7 घायलों को पहुंचाया एमवाई, सीएम ने दिए जांच के आदेश, प्रभारी मंत्री ने जताया दुख,मौके पर पहुंचे कलेक्टर-कमिश्नर
जनमत जागरण न्यूज @ इंदौर
मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर शहर की दो मंजिला स्वर्णबाग कॉलोनी में एक मकान में भीषण आग लगने से सात लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। घटना शनिवार तड़के तीन बजे के आसपास हुई। उस वक्त इस मकान में रहने वाले लोग गहरी नींद में सो रहे थे, अधिकांश की नींद में ही जलने व दमघुटने से मौत हो गई। आग में आठ लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बारे में कहा जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से पहले आग पार्किंग में खड़े वाहनों में लगी और फिर धीरे धीरे पूरे घर में फैल गई। इसने इतनी तेजी से विकराल रूप ले लिया कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला।
कलेक्टर मनीष सिंह ने एमवाय अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। कलेक्टर ने कहा कि घटना के कारणों की जांच की जाएगी। मृतकों के परिजनों ४ -४ लाख रुपये दिए जाएंगे। घायलों को भी आरबीसी की धारा के तहत मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही मनीष सिंह ने कहा है कि स्वर्णबाग कॉलोनी में अवैध निर्माण की जांच कराएंगे।
सीएम ने दिए जांच के निर्देश
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीटर पर लिखा कि इंदौर के स्वर्णबाग कॉलोनी में शॉर्ट सर्किट से हुए हादसे में कई अनमोल जिंदगियों के असमय निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। घटना में मौत की खबर अत्यंत ह्रदय विदारक है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों को शीघ्र स्वस्थ करने की प्रार्थना करता हूं। मैंने इसके जांच के आदेश दे दिए हैं। जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मृतकों के परिजनों को ४-४ लाख रुपये दिए जाएंगे।
प्रभारी मंत्री मिश्रा ने जताया दुख, विधायक हार्डिया ने लिया जायजा
प्रदेश के गृह व इंदौर के प्रभारी मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। आग पर काबू पाया जाने के बाद पुलिस ने घटनास्थल को पूरी तरह से सील कर दिया है। फॉरेंसिक और इंटेलिजेंस के अफसर भी मौके पर मौजूद हैं। विधायक महेंद्र हार्डिया और पुलिस कमिश्नर ने भी मौके का जायजा लिया है।
पड़ोसियों ने किए आग बुझाने के प्रयास लेकिन विफल रहे
मल्टी में आग लगते ही पड़ोसियों ने आग बुझाने की असफल कोशिश की । नीचे खड़े वाहनों में आग लगने के कारण लोग चाहकर भी कुछ नहीं कर पाए । देखते ही देखते आग पूरी मल्टी में फैल गई । इस मल्टी में करीब १० प्लैट है। इसमें किराएदार रहते थे । जिनमें से अधिकांश की मौत दम घुटने के कारण होनी बताई जा रही है। दरअसल, इतनी बड़ी संख्या में मौत का कारण मल्टी के दोनों ओर के रास्ते बंद हो जाने की वजह बताई जा रही है। शुरुआती पूछताछ में मृतकों में ईश्वर सिंह, नीतू, आशीष, गौरव, आकांक्षा के नाम सामने आ रहे हैं। ये कहां के रहने वाले हैं, इसकी जानकारी पुलिस पता कर रही है ।अधिकांश मृतकों की उम्र ४५ वर्ष के आसपास है।



