जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ ली बैठक
जनमत जागरण न्यूज़ @ झालावाड़
जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) आलोक रंजन की अध्यक्षता में आगामी विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर विधानसभा क्षेत्र मनोहरथाना में की जा तैयारी के संबंध में सोमवार को उपखंड कार्यालय मनोहरथाना में निर्वाचन कार्य संबंधी अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया के लिए नियुक्त सभी प्रकोष्ठ के कार्मिकों से कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 को स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अपने कार्यों का निर्वहन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन जैसे अति महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही ना बरतें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 30 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के पश्चात 9 नवंबर 2023 तक नामांकन, संवीक्षा एवं चुनाव चिह्न आवंटन सहित निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। इन सभी कार्यों की जानकारी प्रत्येक कार्मिक को होना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित प्रत्येक कार्मिक से उनको आवंटित किये गए निर्वाचन संबंधी कार्यों की जानकारी ली एवं आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किये।
उन्होंने संबंधित कार्मिकों को अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन के समय भरे जाने वाले फॉर्म एवं शपथ पत्र सहित अन्य प्रपत्रों की जानकारी दी। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र मनोहरथाना में कार्यरत कार्मिकों केे पोस्टल बैलट के लिए फॉर्म 12 भरवाने के निर्देश संबंधित कार्मिकों को दिए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले विशेष योग्यजनों के लिए होमवोटिंग की सुविधा हेतु आवेदन पत्र भरवाने के निर्देश दिये। उन्होंने व्यय एवं अनुवीक्षण प्रकोष्ठ में कार्यरत कार्मिकों से कहा कि राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों द्वारा की जाने वाली रैली, आमसभा आदि प्रचार-प्रसार की गतिविधियों में किए जाने वाले व्यय का आंकलन कर उन्हें शैडो रजिस्टर में दर्ज करें।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा क्षेत्र मनोहरथाना के सभी मतदान केन्द्रों, महिला एवं युवा मतदान केन्द्रों पर की जा रही तैयारियों एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में स्वीप अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर आमजन को मतदान हेतु जागरूक करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने पुलिस उपाधीक्षक अकलेरा राजेन्द्र रावत एवं पुलिस उपाधीक्षक मनोहरथाना किशोर सिंह को विधानसभा क्षेत्र मनोहर थाना में अवैध सामग्री, मदिरा एवं नकदी के परिवहन एवं वितरण पर रोक लगाने के लिए अधिक से अधिक जप्ती की कार्यवाही करने के निर्देश प्रदान किये। बैठक में प्रशिक्षु आईएएस शुभम भैसारे, सहायक रिटर्निंग अधिकारी नेहा वर्मा सहित निर्वाचन संबंधित प्रकोष्ठों के अधिकारी उपस्थित रहे।



