झालावाड़देशराजस्थान

संवीक्षा के दौरान 6 नामांकन पत्र हुए निरस्त,सामान्य प्रेक्षक ने माइक्रो प्रेक्षकों के प्रशिक्षण का किया

रंगोली के माध्यम से आमजन को मतदान के लिए किया प्रेरित

जनमत जागरण @ झालावाड़ ब्यूरो

विधानसभा आम चुनाव 2023 के तहत मंगलवार को चारों विधानसभा क्षेत्रों के समस्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गई।जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) आलोक रंजन ने बताया कि संवीक्षा के दौरान विधानसभा क्षेत्र झालरापाटन से रायसिंह मोजावत ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन भरा था परन्तु लाभ के पद पर आसीन होने के कारण उनका नामांकन पत्र निरस्त हो गया है। वहीं श्याम सुन्दर ने भाजपा से नामांकन दाखिल किया था और उनका नामांकन पत्र भाजपा स्थानापन्न उम्मीदवार होने के कारण निरस्त हो गया है।इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र खानपुर से राजेन्द्र कुमार द्वारा पंजीकृत गैर मान्यता प्राप्त पार्टी भारतीय ट्राईबल पार्टी से नामांकन दाखिल किया गया था जिसमें 10 प्रस्तावकों की आवश्यकता होती है एवं उनके नामांकन में केवल एक प्रस्तावक के हस्ताक्षर होने के कारण उनका नामांकन पत्र खारिज हो गया है।

विधानसभा क्षेत्र मनोहरथाना से नेमीचन्द मीणा द्वारा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया गया था जिसमें भी 10 प्रस्तावकों की पूर्ति नहीं होने के कारण उनका नामांकन पत्र खारिज हो गया है। गौरतलब है कि नेमीचन्द मीणा द्वारा इण्डियन नेशनल कांग्रेस से भी नामांकन पत्र दाखिल किया गया था जो स्वीकृत हो गया है। इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र डग से मेहूल गेहलोत का नामांकन पत्र इण्डियन नेशनल कांग्रेस स्थानापन्न उम्मीदवार होने के कारण व रामचन्द्र सुनारीवाल का भाजपा से सिम्बल नहीं मिलने के कारण नामांकन पत्र निरस्त हो गया है। गौरतलब है कि रामचन्द्र सुनारीवाल में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी नामांकन पत्र दाखिल किया था जो स्वीकृत हो गया है।-

रंगोली के माध्यम से आमजन को मतदान के लिए किया प्रेरित

विधानसभा चुनाव 2023 के मद्देनजर आमजन को मतदान के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से स्वीप अभियान के अन्तर्गत नगर पालिका भवानीमण्डी क्षेत्र में वार्ड 10 व 11 के आंगनबाड़ी केन्द्रों पर रंगोली के माध्यम से आमजन को मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया तथा डग क्षेत्र के आंगनबाड़ी केन्द्र में उपस्थित महिलाओं को मतदाता शपथ दिलाकर 25 नवम्बर को आवश्यक रूप से मतदान करने के लिए जागरूक किया गया।

महिला जागृति समूह एवं वोटर मित्र से संवाद कार्यक्रम 9 नवम्बर को

विधानसभा चुनाव 2023 में महिलाओं एवं शहरी मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान हेतु जागरूक करने के उद्देश्य से 09 नवम्बर, 2023 को दोपहर 12 से 2 बजे तक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में महिला जागृति समूह एवं वोटर मित्र से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें महिला जागृति समूह की सदस्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, महिला एसएचजी लीडर एवं वोटर मित्र भाग लेंगे। यह जानकारी स्वीप प्रभारी एवं जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेन्द्र सिंह पुरोहित ने दी।—00—विज्ञापन स्थलों की सूचना के संबंध में अभ्यर्थियों के साथ बैठक 9 नवम्बर कोझालावाड़ 07 नवम्बर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार 9 नवम्बर को विधानसभा क्षेत्र झालरापाटन से चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों के साथ चिन्हित विज्ञापन स्थलों की सूचना के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) आलोक रंजन की अध्यक्षता में 9 नवम्बर को सायं 6 बजे मिनी सचिवालय के सभागार में बैठक आयोजित की जाएगी।

सामान्य प्रेक्षक ने माइक्रो प्रेक्षकों के प्रशिक्षण का किया

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा क्षेत्र डग व झालरापाटन के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक आईएएस श्री श्रीकांत बनोठ ने मंगलवार को मिनी सचिवालय के ऑडिटोरियम में माइक्रो प्रेक्षकों के प्रशिक्षण का निरीक्षण किया।उन्होंने सभी माइक्रो प्रेक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि वे विधानसभा चुनाव 2023 को स्वतंत्रता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दी जाने वाली सम्पूर्ण जानकारी को अच्छे से समझें ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की त्रुटी न हो। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान किसी भी अनैतिक गतिविधि के पाए जाने पर उसके निस्तारण के संबंध में आवश्यक रूप से जिला निर्वाचन कार्यालय एवं संबंधित सामान्य प्रेक्षक को सूचना अवश्य दें।इस दौरान उन्होंने मतदान से 90 मिनट पूर्व किए जाने वाले मॉकपोल की सम्पूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र में पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारियों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की अच्छे से जांच करें तथा इस बात की पुष्टि भी कर लें कि जो ईवीएम व वीवीपेट मतदान केन्द्र पर आई है वो ही संबंधित मतदान केन्द्र को आवंटित की गई थी। साथ ही उन्होंने कहा कि मतदाता को मतदान केन्द्र पर पहचान पत्र के अतिरिक्त 12 अन्य वैकल्पिक दस्तावेजों के माध्यम से भी मतदान करने की अनुमति प्रदान की जाए। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे सभी कार्मिकों से कहा कि वे भी पोस्टल बैलट के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) आलोक रंजन ने कहा कि निर्वाचन कार्य में लगे प्रत्येक कार्मिक की उपस्थिति एवं सजगता से ही चुनाव को पूर्ण निष्पक्षता व स्वतंत्रता से सम्पन्न कराया जा सकेगा। इसलिए सभी माइक्रो प्रेक्षक निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करते हुए मतदान प्रक्रिया को विवेक पूर्ण तरीके से सम्पन्न कराएं।इस दौरान मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी हुकुमचन्द मीणा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक हंसराज मीणा, मास्टर ट्रेनर डॉ. हमीद अहमद सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!