बूथ लेवल अवेयरनेस ग्रुप के माध्यम से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जनमत जागरण @ सोयतकलां
बूथ लेवल अवेयरनेस ग्रुप के तहत सल्याखेड़ी सोयत में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें महिला मतदाताओं ने रंगोली बनाकर शत्-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया एवं मानव श्रृंखला बनाकर ग्रामीण महिलाओं एवं नवीन मतदाताओं को लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान का आह्वान किया एवं उपस्थितजन को नैतिक मतदान की शपथ दिलाई। इस अवसर पर महिला बाल विकास की पर्यवेक्षक रीनू पंत, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी तादाद में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रही।

व्यापक स्तर पर आयोजित हो रही मतदाता जागरूकता गतिविधियां
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राघवेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में जिले में स्वीप गतिविधियां संचालित की जा रही है। उसी क्रम में विधानसभा निर्वाचन-2018 में जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्र में न्यूनतम मतदान वाले केंद्र पर विशेष अभियान के तहत मतदाताओं को मताधिकार के शत्-प्रतिशत उपयोग हेतु जागरूक किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में मंगलवार को गुराड़िया पिपलोन,कांगनीखेड़ा,नरेला,खजुरी बडौद,कड़वाला,पिपलिया घाटा,एवं मैना के आंगनवाड़ी केंद्रों पर रंगोली एवं हथेली पर मेहंदी बनाकर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम अंतर्गत महिलाओं की विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर मताधिकार का महत्व बताते हुए नैतिक मतदान की शपथ दिलाई गई । साथ ही उपस्थित महिला पुरुषों को मताधिकार के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है।




