
जनमत जागरण @ झालावाड़ ब्यूरो
विधानसभा चुनाव 2023 में आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुव्यस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) के तहत मतदाता जागरूकता अभियान ‘‘मतदान से मार्गदर्शन तक’’ अभियान के पोस्टर का विमोचन बुधवार को स्वीप प्रभारी एवं जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेन्द्र सिंह पुरोहित द्वारा किया गया।उन्होंने बताया कि उक्त अभियान श्री चाणक्य एजूकेशन सोसायटी झालावाड के माध्यम से जिले में चलाया जाएगा। जिसके तहत युवाओं को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित वोटर हैल्पलाइन एप्प, सी-विजिल एप्प, सक्षम एप्प व केवाईसी एप्प की सम्पूर्ण जानकारी दी जाएगी तथा क्यूआर कोड के माध्यम से मोबाइल में डाउनलोड करवाई जाएगी।इस दौरान जिला परिषद् की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ऋतुराज महला, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक गौरीशंकर मीणा, स्वीप सह प्रभारी जीतमल नागर, डाक मत पत्र प्रकोष्ठ प्रभारी के.एम. वर्मा एवं श्री चाणक्य एजूकेशन सोसायटी के संचालक अनंत शर्मा उपस्थित रहे।
सामान्य प्रेक्षक ने शिकायत नियंत्रण कक्ष, एमसीएमसी सेल एवंरिटर्निंग अधिकारी कार्यालय का किया निरीक्षण
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा झालावाड़ जिले के विधानसभा क्षेत्र डग व झालरापाटन के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक आईएएस श्री श्रीकांत बनोठ ने बुधवार को मिनी सचिवालय में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संचालित शिकायत नियंत्रण कक्ष, मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग सेल (एमसीएमसी सेल) एवं रिटर्निंग अधिकारी (विधानसभा क्षेत्र झालरापाटन) कार्यालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान श्री बनोठ ने शिकायत नियंत्रण कक्ष में सी-विजिल एप्प के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया एवं अब तक प्राप्त शिकायतों के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्होंने हैल्पलाइन नम्बर 1950 एवं स्थानीय कन्ट्रोल रूम नम्बर पर प्राप्त शिकायतांे के लिए संधारित रजिस्टर की जांच की। साथ ही उन्होंने एमसीएमसी सेल में प्रिन्ट, इलेक्ट्रोनिक एवं सोशल मीडिया में प्रकाशित एवं प्रसारित पेड न्यूज एवं विज्ञापन अधिप्रमाणन के संबंध में मीडिया प्रकोष्ठ प्रभारी अनुप्रिया से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने शिकायत नियंत्रण कक्ष एवं एमसीएमसी सेल में कार्यरत कार्मिकों एवं प्रभारी को सतर्क रहकर कार्य करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात् उन्होंने रिटर्निंग अधिकारी झालरापाटन कार्यालय में हैल्पलाइन डेस्क, सिंगल विन्डो परमिशन सेल, लेखा दल प्रकोष्ठ, वीडियो निगरानी टीम (वीएसटी) व वीवीटी सेल का निरीक्षण किया एवं संबंधित कार्मिकों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) आलोक रंजन, प्रशिक्षु आईएएस शुभम भैसारे, उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलक्टर) नरेश कुमार मालव, रिटर्निंग अधिकारी विधानसभा क्षेत्र झालरापाटन संतोष कुमार मीणा, शिकायत नियंत्रण कक्ष प्रभारी मीनू वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रंगोली व रैली के माध्यम से आमजन को मतदान के लिए किया प्रेरित
विधानसभा चुनाव 2023 के मद्देनजर आमजन को मतदान के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से स्वीप अभियान के अन्तर्गत बुधवार को ब्लॉक मनोहरथाना के राजीविका परियोजना ग्राम संगठन कार्यालयों मे महिलाओं द्वारा मतदाता जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आमजन को मतदान हेतु जागरूक किया गया।
ब्लॉक प्रबंधक विनोद कुमाऱ यादव ने बताया की ग्राम संगठन कार्यालय आँवलहेड़ा, बनेठ, सरेडी मंे स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा रंगोली बनाकर, रैली निकाल कर जागरूकता सन्देश के साथ आमजन से शत प्रतिशत मतदान करने की अपील की गई। इस दौरान आमजन को मतदाता शपथ भी दिलाई गई।
वहीं मनोहरथाना में विकास अधिकारी कालूराम मीणा द्वारा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की बैठक लेकर उन्हें मतदान प्रतिशत बढ़ाने हेतु महिला जागृति समूह के माध्यम से आमजन को जागरूक करने के लिए निर्देशित किया गया।
बुधवार को किसी भी प्रत्याशी द्वारा नहीं लिया गया नाम वापस
विधानसभा चुनाव 2023 के तहत बुधवार को चारों विधानसभा क्षेत्रों डग, मनोहरथाना, झालरापाटन व खानपुर से किसी भी प्रत्याशी द्वारा नाम वापिस नहीं लिए गए। यह जानकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलक्टर) नरेश कुमार मालव ने दी।




