राजस्व महाअभियान 2.0: लम्बित प्रकरणों के निराकरण करने के कलेक्टर श्री सिंह ने दिए निर्देश , तहसील कार्यालय सोयतकलां का निरीक्षण किया

जनमत जागरण @ सोयतकलां/आगर-मालवा कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह द्वारा बुधवार को सोयत पहुंचकर तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने तहसील स्तर पर लम्बित नामांतरण, बंटवारा एवं अन्य राजस्व प्रकरणों की समीक्षा कर तहसीलदार को राजस्व महा अभियान 2.0 अन्तर्गत लम्बित प्रकरणों के निराकरण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर आरपी वर्मा, एसडीएम श्री मिलिंद ढोके, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
◼️गांव में शिविर लगाकर किसानों की ई केवाईसी की गई

जनमत जागरण @ आगर मालवा : राजस्व महा अभियान 2 अंतर्गत जिले के सभी कृषकों की समग्र से आधार ईकेवाईसी एवं खसरा आधार और समग्र लिंकिंग कार्य पूर्ण करने हेतु कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह के निर्देशानुसार गांव गांव कैंप लगाये जा रहे हैं। बुधवार को ग्राम ढोटी, सालरी, लक्ष्मी खेड़ा, चकबड़ा बीड आदि गांव में शिविर लगाकर किसानों की ईकेवाईसी का कार्य पूर्ण किया गया। इसी तरह जिले का अन्य गांव में भी शिविर लगाकर ई केवाईसी का कार्य किया जा रहा है।
◼️अनुपयोगी एवं खुले बोरवेल बोर कैप से बंद करवाने होगे प्रतिबंधात्मक आदेश जारी

जनमत जागरण @ आगर-मालवा :: जिला मजिस्ट्रेट राघवेन्द्र सिंह द्वारा जिले में अनुपयोगी एवं खुले नलकूप (निजी एवं सार्वजनिक), बोरवेल, कुएं, कुईया, बावड़ी, बिना मुंडेर वाले कुएं में छोटे बच्चों एवं अन्य व्यक्तियों के गिरने की घटनाओं को रोकने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 (अत्र पश्चात् मात्र संहिता संबोधन) की धारा 163 के तहत् सम्पूर्ण आगर-मालवा जिले में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किये गए। जारी आदेशानुसार आगर-मालवा जिले की सीमा अन्तर्गत स्थित समस्त सार्वजनिक एवं निजी नलकूप, बोरवेल जिनका उपयोग नहीं किया जा रहा है या जिनमें मोटर नहीं लगी है, उन नलकूप/बोरवेल पर संबंधित मकान मालिक, कृषक, संस्था या समिति को बोर केप लगाने हेतु आदेशित किया गया है। समस्त निजी सार्वजनिक अनुपयोगी, खुले कुएं, कुइया, बावड़ी बिना मुंडेर वाले कुएं आदि को लोहे की मजबूत जाली लगाकर बंद किया जाए तथा जाली लगाने के बाद उसकी मुंडेर की इतनी ऊंचाई की जाए कि बच्चे या कोई व्यक्ति उसमें गिर नहीं सके । जिले में स्थित ऐसे समस्त परंपरागत प्राचीन कुएं, बावडिया जो कि लोगों द्वारा कब्जा कर गार्डर पट्टी या सीमेंट कंक्रीट से कवर्ड (बंद) कर दिया गया है या जो खाली पड़े हैं उन्हें लोहे की मजबूत जाली लगाकर बंद करें तथा उसकी ऊंची मुंडेर बनाई जाए। इसी तरह जिले में स्थित सड़कों, ग्राम सड़क, खेतों पर जाने वाले रास्ते एवं अन्य जगहों पर स्थित सार्वजनिक एवं निजी बिना मुंडेर के कुएं, कुइयां आदि की मुंडेर ऊंची कराई जावे। उक्त आदेश 6 अगस्त से प्रभावशील होकर आगामी दो माह तक लागू रहेगा, प्रभावशील अवधि में आदेश का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के अंतर्गत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आने पर संबंधित के विरुद्ध अभियोजन की कार्रवाई की जाएगी।
◼️मां का गाढ़ा पीला दूध अमृत के समान है विश्व स्तनपान सप्ताह अंतर्गत स्तनपान के महत्व पर प्रकाश डाला गया

जनमत जागरण @ आगर – मालवा । विश्व स्तनपान सप्ताह 2024 का आयोजन 01 से 07 अगस्त 2024 के मध्य किया जा रहा है। जिला आगर मालवा मे स्तनपान सप्ताह उन्मुखीकरण के दौरान जिला चिकित्सालय आगर नवप्रसूता वार्ड में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग रत्ना शर्मा द्वारा स्तनपान के महत्व, मां के गाढ़ा पीला दूध अमृत के समान है एवं सफल स्तनपान मे पिता की भूमिका का भी उल्लेख किया गया। सफल स्तनपान सिर्फ मां की नही पिता की भी है जिम्मेदारी विषय को प्रमुखता से स्पष्ट किया।इस दौरान नवप्रसूताओं को बताया कि 06 माह तक केवल बच्चे को स्तनपान ही करवाना है, 06 माह पश्चात बच्चे को अनिवार्य तथा अल्प ठोस पदार्थ खिलाना प्रारंभ करना है, 02 वर्ष तक स्तनपान बच्चे को जरूरत के हिसाब से कराते रहे, बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता एवं शारीरिक मानसिक विकास के लिए स्तनपान माँ का दूध बेहद जरूरी है, सही शारीरिक मानसिक विकास नही होने पर कुपोषण के कुप्रभावो को भी बताया। एन आर सी भ्रमण भी किया गया। इस अवसर पर प्रभारी सिविल सर्जन डॉ शंशाक सक्सेना, परियोजना अधिकारी मनीषा चौबे, पर्यवेक्षक सुश्री संगीता तौमर, आंगनवाडी कार्यकर्ता संतोष सोनी एवं सरोज जैन तथा मीनाक्षी शर्मा एवं ए.एन.एम उपस्थित रही।



