कृषिआगर मालवादेशमध्यप्रदेशस्पाट लाइट

कहा है …टीआई, तहसीलदर एसडीएम, कलेक्टर, ईमानदारी से बताओ बिना पैसे दिए पोस्टिंग मिली है क्या ? – किसान न्याय यात्रा को सम्बोधित करते हुए बोले पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी 

हजारों किसानों के साथ कांग्रेस के दिग्गजो ने भरी प्रदेश सरकार के खिलाफ हुंकार ◾नलखेड़ा बगुलामुखी से ट्रैक्टरो पर तिरंगा बाँधकर सुसनेर पहुँची कांग्रेस की किसान न्याय यात्रा ◾सोयाबीन के भाव 6 हज़ार, गेहूँ के 3 हजार, लाड़ली बहना को 3 हजार देने व भ्रष्टाचार खत्म करने की मांग 

जनमत जागरण @ सुसनेर से दीपक जैन की लाइव रिपोर्ट । किसानो की विभिन्न मांगो को लेकर रविवार को कांग्रेस विधायक भेरूसिंह परिहार बापू के तत्वावधान में प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने सुसनेर विधानसभा में किसान न्याय यात्रा निकालकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम मिलिंद ढोके को ज्ञापन सौपा। नलखेड़ा के बगुलामुखी मंदिर परिसर से ट्रेक्टरों पर तिरंगा बांध कर हजारों की तादाद में किसानों को साथ लेकर न्याय यात्रा की शुरुआत की गई जो सुसनेर के मिडिल स्कूल ग्राउंड पहुँची। जहाँ एक जनसभा का आयोजन किया गया।

⏩ जन सभा को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सम्बोधित करते हुए अपने 13 मिनट 3 सैकंड के भाषण में कहा कि कहा है टीआई, तहसीलदर, एसडीएम और कलेक्टर, ईमानदारी से बताओ बिना पैसे दिए आपको पोस्टिंग मिली है क्या ? अगर झूठ बोलोंगे तो नार्को टेस्ट करवा दूँगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री मुझे झूठा बताते है। कहते है मुझे माफी मांगना चाहिए। जरूर मांग लूंगा पहले आप कोई भी 5 आईएस-आईपीएस अधिकारीयो के नार्को टेस्ट करवा लो अगर यह सच निकले की बिना पैसे के उनकी पोस्टिंग हुई है तो में पूरे प्रदेश, मीडिया और आप से माफी मांग लूंगा। और यदि टेस्ट में आप फेल हो जाए तो क्या आप पद से इस्तीफा देंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पक्ष और विपक्ष होता है। हमें जनता ने विपक्ष की जिम्मेदारी दी है जिसे हमने स्वीकार किया है। हम किसान के हक की लड़ाई लड़ रहे है। चुनाव होते और हम आते तो स्वार्थी दिखते। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 20 साल पहले भाजपा सरकार बनी तब सोयाबीन का भाव 4800 रुपए था आज 20 साल बाद भी देश व प्रदेश में भाजपा की सरकार है तब भी सोयाबीन का भाव 3800 रुपए है।

⏩ शिवराज जी लगातार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और अब देश के कृषि मंत्री है। उन्होनें 18 साल में 20 लाख बार यह कहा कि मैं किसान का बेटा हु। यहां के किसानों ने उनकी बात पर भरोसा किया। जब चुनाव हुए तब उन्होंने कहा 2700 रुपये गेहूं के भाव होंगे, मोदी की गारंटी दी और कहाँ कि 3 हजार रुपए बहनो को मिलेंगे, 3200 रुपए धान के भाव देंगे, 450 का गैस सिलेंडर, हर घर एक नोकरी देंगे, लाड़ली बहनो को घर देंगे, बहनो को लखपति बनाएंगे। लेकिन आपने सरकार का चेहरा क्राइम, कर्ज और  करप्शन का बना दिया।

शिवराज जी ने कहा था मैं किसानों की आय दोगुनी करूंगा, आपने किसानों की आत्महत्या दोगुनी करवा दी, दोगुनी महंगाई, बेरोजगारी, बलात्कार करवा दिए । हमें बलात्कारी प्रदेश का तमगा मिल गया। आपने ऐसी सरकार चलाई कि माफिया दोगुने और भ्रष्टाचार चार गुना कर दिया। पटवारी ने बाबा रामदेव को भी आड़े हाथों लेते हुए पूछा कि जो बाबा रामदेब आपको 35 रुपए लीटर पेट्रोल दिला रहे थे। 15 -15 लाख का काला धन आपके घर पहुँचा रहे थे। जो टैक्स फ्री देश बना रहे थे। उन्ही ने बाहर से तेल मंगवाया इसलिए सोयाबीन सस्ती है। 

इन्होंने ने भी सम्बोधित करते हुए लगाए यह आरोप :: जनसभा को पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा, प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुर्जर, पूर्व सांसद नारायणसिंह आमलाबे, महिदपुर विधायक दिनेश जैन बोस, तराना विधायक महेश परमार, पूर्व विधायक आगर विपिन वानखेड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष राजगढ़ चंदरसिंह सौंधिया, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मित्येन्द्र सिंह ने भी सम्बोधित करते हुए मोहन सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस अवसर पर प्रदेश, जिला, ब्लॉक कांग्रेस के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में किसान व कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहें। संचालन व ज्ञापन का वाचन नगर अध्यक्ष आशीष जैन ने किया व आभार जिलाध्यक्ष बंशीलाल पाटीदार ने माना। समापन पर पीसीसी अध्यक्ष पटवारी ने पत्रकारवार्ता को भी सम्बोधित किया। 

रैंडम क्लिक …हाथ में चाय का कप लेकर किया सम्बोधित :: सभा को सम्बोधित करने के लिए आगर पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े का नाम आया तब वे डिस्पोजल में चाय पी रहे तो उन्होंने चाय का डिस्पोजल हाथ में लेकर ही सभा को सम्बोधित करना शुरु कर दिया। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!